4 कंपनियों ने लॉन्च किए अपने IPO, 252.5 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य
देश की 4 कंपनियां अपने बुधवार (17 जून) को अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लॉन्च कर दिए हैं, जिनका मकसद कुल 252.5 करोड़ रुपये जुटाना है। इन निर्गमों में 19 जून तक निवेश किया जा सकता है।
निवेशकों को शेयर 22 जून तक मिल जाएंगे और 24 जून को ये कंपनियां शेयर बाजार में सूचीबद्ध हो जाएंगी।
सभी में क्ले क्राफ्ट इंडिया का IPO सबसे बड़ा
क्ले क्राफ्ट इंडिया 110.1 करोड़ रुपये का IPO ला रहा है। कंपनी इस रकम का ज्यादातर हिस्सा राजस्थान में एक नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट बनाने में इस्तेमाल करेगी।
लीपफ्रॉग इंजीनियरिंग सर्विसेज भी निर्गम के जरिए 88.5 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इसे एक असेंबलिंग यूनिट तैयार करने और वर्किंग कैपिटल की जरूरतों के लिए पैसों की दरकार है, वहीं लिओटेक इंडस्ट्रीज का लक्ष्य 36 करोड़ रुपये जुटाना है, जिसका इस्तेमाल नई मशीनरी खरीदने और पुराने कर्जों को चुकाने में किया जाएगा।
इसके अलावा, दीक्षा पॉलिमर्स 17.9 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है, ताकि कुछ कर्ज चुकाए जा सकें और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए फंड मिल सके।
ग्रे मार्केट में भी मिल रहे खरीदार
क्ले क्राफ्ट इंडिया और लिओटेक इंडस्ट्रीज को अभी से ग्रे मार्केट में निवेशकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। ग्रे मार्केट में कंपनियों के शेयर आधिकारिक लिस्टिंग से पहले ही खरीदे-बेचे जाते हैं, जो निवेशकों की शुरुआती दिलचस्पी को दिखाता है। दूसरी तरफ, लीपफ्रॉग इंजीनियरिंग सर्विसेज और दीक्षा पॉलिमर्स के IPO को अभी तक ऐसी कोई खास प्रतिक्रिया नहीं मिली है।