ICAI ने लॉन्च किया TV 2.0 वीडियो प्लेटफॉर्म, CA की पढ़ाई होगी आसान
इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने चार्टर्ड अकाउंटेंसी (CA) के छात्रों और सदस्यों के लिए अपना नया और बेहतर वीडियो प्लेटफॉर्म ICAI TV 2.0, लॉन्च किया है।
अब वेबिनार से लेकर विशेषज्ञों की बातचीत तक सब कुछ एक ही जगह उपलब्ध है। इससे अकाउंटिंग की दुनिया में हो रहे नए बदलावों के साथ जुड़े रहना आसान हो गया है।
ICAI ने यह अपडेट डिजिटल लर्निंग को सभी के लिए और भी आसान और सुलभ बनाने के मकसद से किया है।
पर्सनलाइज्ड डैशबोर्ड और वॉचलिस्ट की सुविधा
इसमें पर्सनलाइज्ड डैशबोर्ड, वॉचलिस्ट, बेहतर सर्च और एक साफ-सुथरा इंटरफेस जैसे फीचर्स दिए गए हैं। ICAI TV 2.0 के जरिए 4,700 से ज्यादा एजुकेशनल वीडियो और हर साल 500 से ज्यादा वेबिनार देखे जा सकते हैं। ये सभी कंटेंट आपके फोन या लैपटॉप पर कभी भी उपलब्ध रहेंगे।
इसका लक्ष्य CA छात्रों और पेशेवरों को हमेशा अपडेट रखना और उन्हें अपनी सहूलियत के हिसाब से सीखने का मौका देना है।