क्रेडिट कार्ड से फ्यूल खर्च में कैसे करें बचत? हर साल होगा हजारों रुपये का फायदा
क्या है खबर?
पेट्रोल-डीजल खरीदने पर होने वाले छोटे-छोटे खर्चे महीने के अंत में हजारों रुपये तक पहुंच जाता है। आप फ्यूल के खर्चे तो कम नहीं कर सकते, लेकिन भुगतान के तरीके में कुछ बदलाव कर सकते हैं। इससे आप हर महीने कुछ पैसों की बचत कर सकते हैं। इसका एक आसान तरीका फ्यूल की खरीद पर कैशबैक या रिवॉर्ड देने वाले क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करना है। आइये जानते हैं आप क्रेडिट कार्ड से पेट्रोल-डीजल भरवाकर कैसे बचत कर सकते हैं।
सरचार्ज
सरचार्ज के रूप में होती है बचत
कई क्रेडिट कार्ड पेट्रोल पंप पर इस्तेमाल करने पर छोटे-मोटे फायदे देते हैं। कुछ कार्ड फ्यूल पर खर्च की गई रकम पर कैशबैक देते हैं, जबकि अन्य रिवॉर्ड पॉइंट देते हैं, जिन्हें बाद में वाउचर या स्टेटमेंट क्रेडिट के रूप में भुनाया जा सकता है। कई क्रेडिट कार्ड पेट्रोल या डीजल पर लगने वाले सरचार्ज को हटा देते हैं। यह शुल्क भले ही लगभग एक प्रतिशत ही हो, लेकिन सालभर में इससे अच्छी-खासी बचत हो जाती है।
कैशबैक
कैशबैक और रिवॉर्ड पॉइंट का भी मिलेगा फायदा
कुछ क्रेडिट कार्ड केवल विशिष्ट पेट्रोलियम कंपनियों- इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम या हिंदुस्तान पेट्रोलियम पर ही अधिक रिवॉर्ड देते हैं। अगर, आप नियमित रूप से किसी विशेष पेट्रोल पंप से ईंधन भरवाते हैं तो अपने पसंदीदा पेट्रोल पंप से मेल खाने वाला कार्ड चुनना फायदेमंद होगा। कैशबैक कार्ड के उपयोग से आप फ्यूल खर्च का छोटा-सा हिस्सा वापस पा लेते हैं। अगर, आपने क्रेडिट कार्ड का पूरा बिल नहीं चुकाया तो कैशबैक का फायदा खत्म हो सकता है।