AI भारतीय MSMEs के लिए करेगा करीब 46,000 अरब रुपये का फायदा
गूगल और इंडिया SME फोरम की एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) भारत के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (MSMEs) के लिए 490 अरब डॉलर (करीब 46,000 अरब रुपये) से भी ज्यादा का आर्थिक फायदा पहुंचा सकता है।
इस अध्ययन में 3,200 से ज्यादा MSMEs का जायजा लिया गया। इसमें सामने आया कि डिजिटल टूल्स पहले से ही बड़ा बदलाव ला रहे हैं, जहां 60 फीसदी कारोबारों ने 2 अंकों में रेवेन्यू ग्रोथ दर्ज की है।
AI से इन कारोबारों के मुनाफे में 30 से 35 फीसदी की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है, जिससे यह सेक्टर के लिए एक गेम चेंजर साबित हो सकता है।
नए ग्राहक जुटाने में कम होगा खर्च
रिपोर्ट के मुताबिक, 66 फीसदी MSMEs ने अपनी बाजार तक पहुंच बढ़ाई है और 58 फीसदी को डिजिटल टूल्स की मदद से ज्यादा ग्राहक मिल रहे हैं।
78 फीसदी MSMEs ने नए ग्राहक जुटाने के खर्च में कमी देखी है, वहीं AI के शुरुआती परीक्षणों से कामकाज में 20-30 फीसदी तक की बचत होने की संभावना दिख रही है।
इन सभी डिजिटल गतिविधियों ने देश की अर्थव्यवस्था में हजारों करोड़ रुपये जोड़े हैं, जो साफ दिखाता है कि तकनीक का भारतीय कारोबारों पर कितना गहरा असर पड़ रहा है।