जेमिनी एडिबल्स ला रही IPO, 4 करोड़ से ज्यादा शेयर बेचेंगे मालिक
जेमिनी एडिबल्स एंड फैट्स इंडिया (GEF) ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) के लिए ड्राफ्ट पेपर्स दाखिल किए हैं। यह IPO पूरी तरह से 4.11 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री पर आधारित है।
यह 'फुल ऑफर फोर सेल (OFS) IPO है। इसमें केवल मौजूदा शेयरधारक ही अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे। इनमें प्रमोटर अल्का चौधरी, गोल्डन एग्री इंटरनेशनल एंटरप्राइजेज और कुछ निवेशक शामिल हैं। इस लिस्टिंग से कंपनी को कोई नया फंड नहीं मिलेगा। यह कंपनी फ्रीडम और बी-राइट जैसे लोकप्रिय खाद्य तेल ब्रांड बनाती है।
सूरजमुखी तेल बाजार में 18 फीसदी हिस्सेदारी
भारत के ब्रांडेड सूरजमुखी तेल बाजार में GEF की 18 फीसदी हिस्सेदारी है। यह कंपनी दक्षिण भारत और पूर्वी भारत के कुछ राज्यों में 1,600 से ज्यादा वितरकों के जरिए 3 लाख खुदरा दुकानों तक अपने प्रोडक्ट्स पहुंचाती है।
कंपनी की कमाई में भी अच्छी बढ़त देखने को मिली है। इसका राजस्व वित्त वर्ष 2025 में 10,755 करोड़ रुपये था, जो वित्त वर्ष 2026 में बढ़कर 12,650 करोड़ रुपये हो गया है।