वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज 9वीं बार पेश करेंगी बजट, किन बड़ी घोषणाओं की है उम्मीद?
क्या है खबर?
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज सुबह 11 बजे बजट पेश करेंगी। वे लगातार 9वीं बार देश का बजट पेश करने जा रही हैं। ऐसा इतिहास में पहली बार हो रहा है, जब रविवार के दिन बजट पेश होगा। बजट से पहले जारी हुए आर्थिक सर्वेक्षण में भारत की विकास दर 7 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया गया है। कहा गया है कि वित्त वर्ष 2026-27 में सकल घरेलू उत्पाद (GDP) 6.8 से 7.2 प्रतिशत के बीच रह सकती है।
संभावित ऐलान
बजट में हो सकते हैं ये बड़े ऐलान
सरकार सोने और चांदी पर लगने वाली कस्टम ड्यूटी 6 से घटाकर 4 प्रतिशत कर सकती है। इससे सोना खरीदना सस्ता होगा। इनकम टैक्स पर मानक कटौती की सीमा 75,000 से बढ़ाकर एक लाख रुपये की जा सकती है। इससे 13 लाख रुपये तक की आय पर कोई टैक्स नहीं देना होगा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना की राशि 6,000 रुपये से बढ़ाकर 9,000 रुपये हो सकती है। 300 से ज्यादा नई ट्रेनों का ऐलान हो सकता है।
आर्थिक सर्वे
आर्थिक सर्वे में क्या-क्या कहा गया है?
आर्थिक सर्वे में मुफ्त की योजनाओं पर चेतावनी दी गई है। कहा गया हैं कि इनसे स्कूल, अस्पताल और सड़कों के लिए आवंटन प्रभावित हो रहा है। सर्वे में कहा गया है कि वैश्विक आर्थिक स्थितियां अनिश्चित और नाजुक बनी हुई हैं, लेकिन भारत का कुल दृष्टिकोण सकारात्मक है। ये भी कहा गया है कि कई अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में भारत का विकास उम्मीद से बेहतर हुआ है, लेकिन वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण जोखिम बने हुए हैं।
पिछला बजट
पिछले बजट में हुई थी ये बड़ी घोषणाएं
12 लाख तक आय पर कोई इनकम टैक्स नहीं लगाने का बड़ा ऐलान। स्टार्टअप्स के लिए 100 अरब रुपये के नए फंड की घोषणा। कैंसर सहित अन्य गंभीर बीमारियों की 36 दवाइयां, मेडिकल उपकरण, LED, कपड़े, मोबाइल बैटरी, लेदर जैकेट, चमड़े के जूते पर निर्यात शुल्क में कटौती। रक्षा क्षेत्र के लिए 6.81 लाख करोड़ और रेलवे के लिए 2.55 लाख करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे। 200 नई वंदे भारत और 100 अमृत भारत ट्रेनों का ऐलान हुआ था।
बजट
क्या होता है बजट?
बजट सरकार के आय और व्यय का ब्यौरा होता है। बजट पेश करने से पहले एक सर्वे से कराया जाता है, जिसमें सरकार अनुमान लगाती है कि उसे प्रत्यक्ष कर, अप्रत्यक्ष कर, रेलवे के किराए और अलग-अलग मंत्रालय के जरिए कितनी कमाई होगी। यह भी सामने आता है कि आगामी साल में सरकार का कितना अनुमानित खर्च होगा। आसान शब्दों में बजट एक साल में होने वाले अनुमानित राजस्व (कमाई) और खर्चों (अनुमानित व्यय) का ब्यौरा होता है।