EPFO जल्द शुरू करेगा उमंग पर UPI से सेकेंडों में PF निकालने की सुविधा
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने सदस्यों के लिए जल्द ही भविष्य निधि (PF) का पैसा कुछ ही सेकेंड में यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) के जरिए निकालने की सुविधा शुरू करने की घोषणा की है।
अब इसके लिए आपको सप्हाह भर इंतजार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी और न ही कार्यालयों के चक्कर लगाने होंगे। आपको बस उमंग ऐप में अपना निकालने योग्य बैलेंस देखना होगा और सीधे अपने बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर करना होगा। सरकार का कहना है कि इसकी जांच पूरी हो चुकी है और यह सुविधा जल्द ही शुरू होने वाली है।
75 फीसदी तक निकाल सकेंगे पैसा
पैसे निकालने की सुविधा का लाभ लेने के लिए आपका यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) सक्रिय होना चाहिए। साथ ही, इससे आपका आधार और पैन भी लिंक होना जरूरी है।
आप अपने PF का 50 से 75 फीसदी हिस्सा निकाल पाएंगे, जबकि बचा हुआ 25 फीसदी हिस्सा आपके रिटायरमेंट के लिए सुरक्षित रखा जाएगा।
अगर, आपको पढ़ाई, घर बनाने या किसी बीमारी के इलाज के लिए पैसों की जरूरत है तो अब यह प्रक्रिया पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगी।
इसके अलावा, एक नया व्हाट्सएप चैटबॉट भी लॉन्च किया गया है, जिसकी मदद से आप बस एक मैसेज भेजकर अपना बैलेंस या पैसे निकालने की सीमा की जानकारी पा सकते हैं। इसके लिए आपको किसी कागजी कार्रवाई की जरूरत नहीं पड़ेगी।