Page Loader
फिर बदला एलन मस्क का मन, पुराने ऑफर पर खरीदेंगे ट्विटर
पुराने ऑफर पर ट्विटर खरीदने को तैयार हुए एलन मस्क

फिर बदला एलन मस्क का मन, पुराने ऑफर पर खरीदेंगे ट्विटर

Oct 05, 2022
11:14 am

क्या है खबर?

अमेरिकी अरबपति एलन मस्क ने एक बार फिर ट्विटर को खरीदने का मन बनाया है। मस्क पहले दिए ऑफर पर ही ट्विटर को खरीदने को तैयार हैं। सिक्योरिटी एंड एक्सचेंज कमीशन (SEC) को सौंपे दस्तावेजों के अनुसार मस्क ने कहा है कि उन्होंने पहले हुए समझौते का पालन करते हुए ट्विटर को पत्र भेजा है। बता दें कि एलन मस्क ने ट्विटर को 44 अरब डॉलर में खरीदने का प्रस्ताव दिया था।

डील

54.20 डॉलर होगी एक शेयर की कीमत

मस्क ने ट्विटर के एक शेयर की कीमत 54.20 डॉलर (लगभग 4,410 रुपये) लगाते हुए 44 अरब डॉलर में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को खरीदने का ऑफर दिया था। हालांकि, जुलाई में उन्होंने सोशल मीडिया कंपनी पर समझौते के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए यह डील रद्द कर दी थी। उन्होंने ट्विटर पर बॉट अकाउंट्स की सही संख्या छिपाने और इस संबंध में अधूरी जानकारी देने का आरोप लगाया है। इसके बाद कंपनी ने उनके खिलाफ मुकदमा दायर किया था।

जानकारी

शुरू होने वाला था ट्रायल

ट्विटर की शिकायत पर मस्क के खिलाफ अदालत में ट्रायल जल्द ही शुरू होने वाला था, लेकिन उससे पहले टेस्ला के प्रमुख ने अपना मन बदल लिया है। सोशल मीडिया कंपनी को भेजे पत्र में मस्क ने शर्त ने रखी है कि उनके खिलाफ होने वाली कानूनी कार्रवाई पर रोक लगनी चाहिए। दरअसल, इसी हफ्ते ट्विटर के वकील मस्क से पूछताछ करने वाले थे। ट्विटर ने भी पुष्टि की है कि उसे मस्क से पत्र मिला है।

जानकारी

क्यों बदला मस्क का मन?

मस्क का अचानक से मन बदलना कई लोगों को हैरान कर रहा है, लेकिन माना जा रहा था कि उन्हें समझौते के तहत ट्विटर को खरीदना ही होगा। कई कानूनी जानकारों का कहना है कि अदालत से मस्क को बड़ा झटका लग सकता है और उन्हें यहां से राहत मिलने की उम्मीद न के बराबर है। ऐसे में मस्क की नई पेशकश हैरान करने वाली नहीं है। पहले से ही इसका अंदाजा लगाया जा रहा था।

जानकारी

ट्विटर के शेयरों में आया उछाल

जब अमेरिकी अरबति ने पहली बार ट्विटर को खरीदने का ऑफर दिया था, तब कंपनी के शेयरों में उछाल देखा गया था। उनकी नई पेशकश के समय भी यही ट्रेंड जारी रहा और ट्विटर का शेयर उछलकर 52 डॉलर से पार पहुंच गया।

जानकारी

बढ़ा है ट्विटर का यूजरबेस

मस्क के साथ टकराव की स्थिति के बीच कंपनी को साल 2022 की दूसरी तिमाही में 27 करोड़ डॉलर का नुकसान हुआ था। हालांकि, इस नुकसान के बावजूद भी ट्विटर का यूजरबेस 23.78 करोड़ यूजर्स पर पहुंच गया है। इस तरह टकराव की स्थिति और मस्क टेकओवर से जुड़ी चर्चा इसकी यूजर्स ग्रोथ को प्रभावित नहीं कर पाई। ट्विटर का कहना था कि प्रोडक्ट में किए गए सुधारों और मौजूदा इवेंट्स से जुड़ी चर्चाओं के चलते देखने को मिली है।