Page Loader
एलन मस्क छोड़ सकते हैं ट्विटर CEO का पद, इस्तीफे के लिए आयोजित किया था पोल
एलन मस्क ट्विटर CEO का पद छोड़ सकते हैं

एलन मस्क छोड़ सकते हैं ट्विटर CEO का पद, इस्तीफे के लिए आयोजित किया था पोल

Dec 19, 2022
06:09 pm

क्या है खबर?

ट्विटर CEO एलन मस्क अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इस्तीफे से संबंधित एक पोल के बाद ये संभावना जताई जा रही है। इस पोल में उन्होंने पूछा था कि क्या उन्हें ट्विटर प्रमुख के पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। 57.5 प्रतिशत यूजर्स ने उनके पद छोड़ने के पक्ष में वोट किया, वहीं 42.5 प्रतिशत यूजर्स उनके पद पर बने रहने के पक्ष में रहे। अब तय वादे के तहत मस्क अपना पद छोड़ सकते हैं।

पद

अक्टूबर से ट्विटर CEO का पद संभाल रहे हैं मस्क

बता दें कि अक्टूबर में तत्कालीन CEO पराग अग्रवाल को बर्खास्त करने के बाद से ही मस्क ने यह पद संभाला हुआ है। पिछले लगभग दो महीनों में उन्होंने ट्विटर में कई बड़े बदलाव किए, जिनमें तीन रंग के वेरिफाइड टिक से लेकर पैड वेरिफिकेशन सब्सक्रिप्शन शामिल हैं। इनमें से कई फैसलों के लिए उनकी तीखी आलोचना भी हुई है और वह अपनी जान को खतरा होन की आशंका व्यक्त कर चुके हैं।

आलोचना

अन्य जिम्मेदारियों पर ध्यान न देने के लिए हो चुकी है मस्क की आलोचना

ट्विटर CEO का पदभार संभालने के बाद अपनी अन्य जिम्मेदारियों पर ध्यान न देने के लिए भी मस्क की आलोचना हुई है। उनकी कार कंपनी टेस्ला के शेयरहोल्डर्स ने उनकी खासतौर पर आलोचना की है। मस्क खुद भी कह चुके हैं कि वह ट्विटर CEO का पद नहीं संभालना चाहते और इसके लिए कोई अन्य व्यक्ति ढूढ़ रहे हैं। पद छोड़ने के लिए पोल लॉन्च करने का एक कारण यह भी हो सकता है।

आलोचना

पत्रकारों के अकाउंट्स को निलंबित करने को लेकर भी विवाद में रहे मस्क

मस्क हालिया समय में उनकी आलोचना करने वाले पत्रकारों के अकाउंट्स निलंबित करने को लेकर भी विवाद में हैं। जिन पत्रकारों के अकाउंट्स निलंबित किए गए थे, उनमें वॉशिंगटन पोस्ट और द न्यूयॉर्क टाइम्स समेत कई बड़े मीडिया संस्थानों के पत्रकार शामिल थे। मस्क ने इन पत्रकारों पर उनकी लोकेशन शेयर कर निजता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया था। हालांकि आलोचना के बाद उन्होंने पोल कराकर अपने इस फैसले को पलट दिया था।

छंटनी

हजारों कर्मचारियों की छंटनी कर चुके हैं मस्क

अक्टूबर में कंपनी की कमान संभालने के बाद मस्क ट्विटर से हजारों कर्मचारियों की छंटनी भी कर चुके हैं। उन्होंने सबसे पहले 4 नवंबर को कंपनी के 50 प्रतिशत स्थायी स्टाफ (लगभग 3,700 कर्मचारियों) को काम से निकाल दिया था। इसके लगभग एक हफ्ते बाद उन्होंने कॉन्ट्रैक्ट पर काम कर रहे करीब 5,500 में से लगभग 4,400 कर्मचारियों की भी छुट्टी कर दी। बाकी बचे लोगों से उन्होंने ज्यादा से ज्यादा घंटे काम करने को कहा था।