एडलवाइज ने खोला रियल एस्टेट में भारत का पहला इंडेक्स फंड
एडलवाइज म्यूचुअल फंड ने भारत का पहला इंडेक्स फंड पेश किया है, जो खास तौर पर रियल एस्टेट इंवेस्टमेंट ट्रस्ट्स (REITs) पर फोकस करेगा।
इसका नाम 'एडलवाइज निफ्टी REITs एंड रिएल्टी इंडेक्स फंड' है। यह फंड 5 से 19 अगस्त तक सब्सक्रिप्शन के लिए उपलब्ध रहेगा।
इसमें आप एक साथ लिस्टेड REITs और रिएल्टी कंपनियों में निवेश कर सकते हैं, जिससे बिना कोई प्रॉपर्टी खरीदे ही आप रियल एस्टेट सेक्टर से जुड़ पाएंगे।
केवल 100 रुपये से शुरू कर सकते हैं निवेश
यह फंड निफ्टी REITs एंड रिएल्टी टोटल रिटर्न इंडेक्स को ट्रैक करेगा। इसमें निवेश REITs और रिएल्टी स्टॉक्स के बीच 60:40 के अनुपात में होगा। जैसे-जैसे बाजार में और विकल्प आएंगे, यह अनुपात बदल भी सकता है। कंपनी की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) राधिका गुप्ता ने बताया कि इसका ढांचा टैक्स के नजरिए से काफी सुविधाजनक है।
REITs से होने वाली कमाई फंड के भीतर ही बढ़ती रहती है, जिस पर तुरंत कोई टैक्स नहीं लगता। शहरीकरण और नए इंफ्रास्ट्रक्चर के बढ़ते चलन से रियल एस्टेट सेक्टर में उछाल देखने को मिल रहा है। ऐसे में, यह फंड सभी के लिए रियल एस्टेट में निवेश करने का एक सरल तरीका लेकर आया है। इसकी शुरुआत आप लॉन्च ऑफर के तहत सिर्फ 100 रुपये से भी कर सकते हैं।