ED ने जब्त की प्रभुदास वीरचंद लोटिया की 332 करोड़ रुपये की संपत्ति
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने होटल व्यवसायी प्रभुदास वीरचंद लोटिया और उनसे जुड़े अन्य लोगों की 332.24 करोड़ रुपये की संपत्तियों को फ्रीज कर दिया है।
फ्रीज की गई संपत्तियों में बांद्रा का मशहूर होटल रंगशारदा और मुंबई के प्रभादेवी इलाके में भूखंड भी शामिल है।
यह कार्रवाई रंग शारदा प्रतिष्ठान के ट्रस्टियों की शिकायत के बाद की गई है। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके ट्रस्ट के लिए दी गई जमीन का गलत इस्तेमाल किया जा रहा था।
रियायत में मिली जमीन का किया व्यावसायिक इस्तेमाल
ED के मुताबिक, महाराष्ट्र आवास और क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MHADA) ने यह जमीन रियायती दरों पर दी थी। इसका मकसद मराठी थिएटर और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देना था, लेकिन लोटिया ने बिना किसी इजाजत के वहां एक होटल, बार और बैंक्वेट हॉल चला लिया।
इतना ही नहीं, उसने जमीन के कुछ हिस्से अवैध तरीके से बेच दिए और उस पैसे से दूसरी संपत्तियां खरीद लीं। एजेंसी का अनुमान है कि इस पूरे मामले में करीब 512 करोड़ रुपये की अपराध की कमाई शामिल है।