ED की 5,000 करोड़ रुपये की क्रिप्टोकरेंसी धोखाधड़ी में बड़ी कार्रवाई
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बड़े क्रिप्टोकरेंसी घोटाले का खुलासा किया है, जिसमें 5,000 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी हुई है और 2.48 लाख लोगों को चूना लगाया गया है।
ED ने विजय कुमार जूनजा और मासूम जूनजा से जुड़े ठिकानों पर छापा मारा और इसी दौरान मासूम जूनजा को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
यह घोटाला 2018 में सुभाष शर्मा और उनके साथियों ने शुरू किया था। उन्होंने कोरवियो कॉइन (KRO) नाम की क्रिप्टोकरेंसी का झांसा देकर लोगों को भारी मुनाफे का लालच दिया था, लेकिन उनके ये सारे वादे झूठे साबित हुए।
इस तरह हुआ धोखाधड़ी का यह खेल
ED ने बताया कि यह पूरा मामला 'पॉन्जी स्कीम' की तर्ज पर चल रहा था, जिसमें नए निवेशकों के पैसे से पुराने निवेशकों को पैसे दिए जाते थे।
इस गैंग ने पैसे की हेराफेरी करने के लिए कई बैंक खातों, शेल कंपनियों और क्रिप्टोकरेंसी का सहारा लिया। उन्होंने काले धन को सफेद करने के लिए कम दाम वाली प्रॉपर्टी भी खरीदीं।
इस धोखाधड़ी में 21.90 करोड़ डॉलर (करीब 2,000 करोड़ रुपये) से ज्यादा का लेन-देन सामने आया है। जब यह धोखाधड़ी उजागर हुई तो सुभाष शर्मा गिरफ्तारी से बचने के लिए दुबई भाग गया।