क्यूब हाईवेज ट्रस्ट ने पेश किया IPO, 7 नए हाईवे बनाने की योजना
दिल्ली की क्यूब हाईवेज ट्रस्ट ने बुधवार (22 जुलाई) को अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) पेश कर दिया है। कंपनी अब अपने पोर्टफोलियो में 7 और हाईवे जोड़ने की योजना बना रही है, जिससे उसके पास कुल संपत्तियों की संख्या 27 से बढ़कर 34 हो जाएगी।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) विनय सी शेखर ने बताया कि इन 7 नए हाईवे में से 4 को उनके मुख्य प्रायोजकों का सहयोग मिलेगा।
इस कारण की कंपनी ने तेजी से तरक्की
केवल 3 साल में क्यूब ने बहुत तेजी से तरक्की की है और इसका राज यह है कि उन्होंने उन हाईवे पर ध्यान दिया है, जिन्हें प्रायोजकों का साथ मिला है और जिनकी गुणवत्ता भी शानदार है।
आज इसका नेटवर्क 12 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश तक फैला हुआ है। कंपनी ने टोल रोड, जिनकी कमाई अर्थव्यवस्था की तरक्की से जुड़ी होती है और एन्युइटी रोड, जिनसे हर महीने स्थिर आमदनी होती है, दोनों का सही तालमेल बिठाया है।
इसकी कुल कमाई का 70 प्रतिशत हिस्सा भारी वाहनों से आता है। हर साल निवेशकों को मिलने वाला मुनाफा बढ़ रहा है, जो इस बात का संकेत है कि कंपनी सही रास्ते पर है।
ADIA और मुबाडाला जैसे बड़े नामी प्रायोजकों के साथ होने से क्यूब की आर्थिक स्थिति बहुत मजबूत है और उसके पास लंबी अवधि के लिए भी स्पष्ट योजनाएं हैं।