मेटा के साथ 900MW ग्रीन एनर्जी का करार करने से क्लीनमैक्स के शेयर 15 फीसदी उछले
क्लीनमैक्स के शेयरों में बुधवार (10 जून) को 15 फीसदी की जोरदार बढ़त देखी गई, जिससे यह 1,421.20 रुपये के नए सालाना शिखर पर पहुंच गया।
यह उछाल कंपनी के उस बड़े ऐलान के बाद आया, जिसमें उसने मेटा के साथ रिन्यूएबल एनर्जी को लेकर एक साझेदारी की घोषणा की। इस करार में 900 मेगावाट (MW) के नए सोलर और विंड प्रोजेक्ट्स शामिल हैं। इन प्रोजेक्ट्स से, जो भी ग्रीन एनर्जी बनेगी, मेटा उसे खरीदेगा।
बढ़ेगी भारत की रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता
क्लीनमैक्स इन रिन्यूएबल एसेट्स को बनाएगी और उनका प्रबंधन भी करेगी। इससे भारत में एक प्रमुख कमर्शियल ग्रीन एनर्जी प्रदाता के तौर पर उसकी स्थिति और मजबूत होगी।
कंपनी के प्रबंध निदेशक कुलदीप जैन का कहना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से चलने वाले भविष्य के इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए स्वच्छ ऊर्जा बेहद अहम है।
मेटा में क्लीन और रिन्यूएबल एनर्जी की प्रमुख अमांडा यांग ने बताया कि इस पहल से भारत की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता बढ़ेगी। वित्तीय वर्ष 2025 तक क्लीनमैक्स ने अपना पोर्टफोलियो 5.7MW तक पहुंचाने की जानकारी दी है।
खास बात यह है कि उनकी कुल नई करार क्षमता का 74 फीसदी हिस्सा पुराने ग्राहकों से ही मिला है। यह दर्शाता है कि कंपनी की साझेदारियां कितनी मजबूत हैं और वे भारत को हरित ऊर्जा के लक्ष्यों की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।