गुरूग्राम: 200 करोड़ रुपये के GST घोटाले में स्टार्टअप के 2 पूर्व संस्थापक समेत 4 गिरफ्तार
गुरूग्राम में एक बड़े वस्तु एवं सेवा कर (GST) धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। इस मामले में पुलिस ने 2 पूर्व स्टार्टअप संस्थापकों और 2 चार्टर्ड अकाउंटेंट को गिरफ्तार किया है।
इन पर 200 करोड़ रुपये के इनपुट टैक्स क्रेडिट धोखाधड़ी का आरोप है। जांच में सामने आया कि इन्होंने लगभग 30 शेल कंपनियां बनाई थीं।
इन कंपनियों के नाम पर फर्जी GST इनवॉइस बनाए जाते थे और बिना कोई असली बिजनेस किए टैक्स क्रेडिट क्लेम किए जाते थे।
CGST टीम ने इस पूरे स्कैम का पर्दाफाश किया, जिससे सरकार को होने वाले बड़े आर्थिक नुकसान को रोका जा सका।
आरोपियों को 14 दिन के लिए जेल भेजा
इन चारों संदिग्धों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच अभी जारी है। पिछले 6 से 8 महीनों से उनके रिकॉर्ड और कंपनी डाटा की जांच की जा रही थी।
अधिकारियों ने जब सारे सबूत उनके सामने रखे तो उन्होंने अपना गुनाह कबूल कर लिया। अब अधिकारी इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि कहीं इस धोखाधड़ी का मकसद किसी स्टार्टअप के मूल्यांकन को आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) या स्टेक सेल से पहले बढ़ाना तो नहीं था।
अभी तक इस मामले में कोई पैसा रिकवर नहीं हुआ है, लेकिन यह घटना GST ट्रांजैक्शन में और भी कड़ी निगरानी की जरूरत बताती है।