अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ने से कच्चे तेल के दामों में आया उछाल
ब्रेंट क्रूड ऑयल 94.12 डॉलर (करीब 8,900 रुपये) प्रति बैरल तक पहुंच गया है, जो पिछले 5 सप्ताह का सबसे ऊंचा स्तर है।
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ही इसकी मुख्य वजह है। वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड भी बढ़कर 87.38 डॉलर (करीब 8,300 रुपये) पर पहुंच गया है।
जानकारों का कहना है कि अगर, वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति या समुद्री रास्तों में कोई बड़ा बदलाव नहीं आता तो कीमतें 90 से 100 डॉलर (करीब 8,500-9,000 रुपये) के आस-पास टिकी रह सकती हैं।
भारत पर पड़ सकता है असर
इस कीमत बढ़ोतरी के पीछे मध्य पूर्व में चल रहा तनाव, OPEC+ देशों द्वारा उत्पादन में कटौती और तेल आपूर्ति में बाधा की आशंकाएं मुख्य कारण हैं।
हालांकि, जानकार इसे अभी पूरी तरह से संकट नहीं मान रहे हैं, लेकिन कीमतें ऐसे ही ऊंची बनी रहीं तो अपनी ज्यादातर तेल की जरूरतें आयात से पूरी करने वाले भारत जैसे देशों को बढ़ी हुई लागत और महंगाई का सामना करना पड़ सकता है।
अब सभी की नजरें वैश्विक राजनीति और ऊर्जा की मांग में होने वाले आगे के बदलावों पर बनी हुई हैं।