ब्लू तोकाई की 2030 तक 800 कैफे खोलने की योजना, IPO भी लाएगी
ब्लू तोकाई कॉफी रोस्टर्स भारतीय कैफे बाजार में जाेर-शोर से अपनी जगह बना रहा है। कंपनी ने 2030 तक अपने स्टोर्स की संख्या 240 से बढ़ाकर 800 करने की बड़ी योजना बनाई है।
भारत में कॉफी कल्चर लगातार बढ़ रहा है, इसी को देखते हुए वे इसी साल करीब 120 नए कैफे खोलने जा रहे हैं। ये नए कैफे मेट्रो शहरों के अलावा, अहमदाबाद और लखनऊ जैसे शहरों में भी अपनी जगह बनाएंगे।
800 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित करने का लक्ष्य
बाजार में स्टारबक्स जैसे बड़े खिलाड़ी मौजूद होने के बावजूद, ब्लू तोकाई का मानना है कि विस्तार के लिए अभी काफी गुंजाइश है।
सह संस्थापक मैट चिथरांजन बताते हैं कि वे मौजूदा और नए दोनों तरह के बाजारों में अपने कैफे खोल रहे हैं।
कंपनी को उम्मीद है कि इस साल उनका राजस्व 800 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है, जो 4 साल पहले के मुकाबले करीब 7 गुना ज्यादा होगा।
इसी के साथ, अगले सप्ताह दुबई में उनका पहला इंटरनेशनल कैफे भी खुलेगा। ब्लू तोकाई ने मार्च, 2028 तक मुनाफे में आने का लक्ष्य रखा है और भविष्य में आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लाने की भी योजना है। भारत में प्रीमियम कॉफी के प्रति बढ़ती पसंद को भी इस विस्तार की एक बड़ी वजह माना जा रहा है।