एयरटेल 4 अगस्त को पेश करेगी पहली तिमाही के कमाई आंकड़े
भारती एयरटेल 4 अगस्त को अपने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही (Q1) के नतीजे घोषित करने वाली है। सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि कंपनी ने कितने ग्राहक जोड़े हैं, प्रति ग्राहक औसत कमाई (ARPU) कितनी रही है और 5G सेवा से उसे कितना फायदा मिल रहा है।
बोर्ड उसी दिन 30 जून को खत्म हुई तिमाही के स्टैंडअलोन और कंसोलिडेटेड आंकड़ों को भी मंजूरी देगा।
पिछली तिमाही में ऐसे रहे आंकड़े
इनसाइडर ट्रेडिंग नियमों के चलते कंपनी का ट्रेडिंग विंडो 6 अगस्त तक बंद रहेगा। पिछली तिमाही में एयरटेल के नतीजे मिले-जुले रहे।
कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 33.54 फीसदी गिरकर 7,325.1 करोड़ रुपये रह गया, जबकि उसका कुल राजस्व 15.68 फीसदी बढ़कर 55,383.2 करोड़ रुपये हो गया।
सकारात्मक बात यह रही कि प्रति ग्राहक औसत कमाई (ARPU) 5 फीसदी बढ़कर 257 रुपये हो गई, क्योंकि स्मार्टफोन यूजर्स की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।
इसके अलावा, भारत में कंपनी का राजस्व 7.7 फीसदी बढ़ा, जिसका मुख्य कारण मोबाइल और होम सर्विसेज का मजबूत प्रदर्शन था।