ग्लोबल स्टार्टअप इकोसिस्टम रिपोर्ट में बेंगलुरु एक पायदान नीचे गिरा
ग्लोबल स्टार्टअप इकोसिस्टम रिपोर्ट (GSER) 2026 में बेंगलुरु 15वें पायदान पर आ गया है, जो पिछले साल के मुकाबले एक स्थान नीचे है।
पेरिस में हुए विवाटेक इवेंट में जारी की गई इस रिपोर्ट में बेंगलुरु को एशिया में छठे नंबर पर रखा गया है।
साथ ही, बीजिंग के बाद इसे दुनिया का दूसरा सबसे अच्छा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI)-नेटिव क्लस्टर भी बताया गया है।
हालांकि, एक पायदान नीचे खिसकने के बावजूद शहर का वैश्विक प्रभाव अब भी काफी मजबूत है।
प्रतिभाओं की कमी एक बड़ी चुनौती
बेंगलुरु के स्टार्टअप इकोसिस्टम का कुल मूल्यांकन 153 अरब डॉलर (करीब 14,500 अरब रुपये) है और यहां 30 यूनिकॉर्न हैं, जो प्रति शहर 11 यूनिकॉर्न के वैश्विक औसत से कहीं अधिक है।
साल 2021 से 2025 के दौरान बेंगलुरु ने 39 अरब डॉलर (करीब 3,700 अरब रुपये) की वेंचर कैपिटल (VC) फंडिंग हासिल की और इस दौरान 46 अरब डॉलर (करीब 4,400 अरब रुपये) के एग्जिट भी दर्ज किए, लेकिन एक बड़ी चुनौती यह है कि यहां टैलेंट और अनुभव की कमी साफ दिखती है।
इंजीनियर्स का वेतन भी काफी कम है। वैश्विक औसत 54,000 डॉलर (करीब 51 लाख रुपये) के मुकाबले यहां सिर्फ 19,600 डॉलर (18.5 लाख रुपये) है। इस कमी को दूर करने के लिए कर्नाटक सरकार की स्टार्टअप पॉलिसी 2.0 और कैटालिस्ट जैसी पहल पर खास जोर दिया गया है।