ऐपल अब आईफोन के बाद भारत में बनाएगी मैकबुक और आईपैड
ऐपल भारत में आईफोन के अलावा कई और उत्पाद बनाने की तैयारी कर रही है। केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और IT मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि कंपनी भारत में अपने मैन्युफैक्चरिंग परिचालन का विस्तार कर सकती है।
इसमें मैकबुक और आईपैड जैसे उत्पाद भी शामिल हो सकते हैं। यह घोषणा तब हुई जब सरकार ने मोबाइल फोन मैन्युफैक्चरिंग स्कीम (MPMS) लॉन्च की। इस स्कीम का मकसद भारत को एक बड़ा इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग हब बनाना है।
39 लाख करोड़ रुपये के फोन उत्पादन का लक्ष्य
MPMS के तहत रिसर्च और डेवलपमेंट के लिए खास बोनस दिए जाएंगे। साथ ही, देश में बने पुर्जों का इस्तेमाल करने वाली कंपनियों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
सरकार का अनुमान है कि यह स्कीम अगले 5 सालों में 39 लाख करोड़ रुपये के मोबाइल उत्पादन करेगी। इससे 15 लाख करोड़ रुपये का निर्यात बढ़ेगा और करीब 60,000 सीधी नौकरियां मिलेंगी।
फिलहाल, देश में बिकने वाले 99.2 फीसदी मोबाइल फोन यहीं भारत में ही बनते हैं। यह साफ दिखाता है कि देश का इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर कितनी तेजी से आगे बढ़ रहा है।