अमेरिकी ब्याज दर बढ़ने की आशंका से एल्युमिनियम में बड़ी गिरावट
एल्युमिनियम की कीमतें एक महीने के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गईं। लंदन मेटल एक्सचेंज में यह 1.4 फीसदी गिरकर 3,498 डॉलर (करीब 3.3 लाख रुपये) प्रति टन पर आ गया।
इस गिरावट के पीछे कई वजहें बताई जा रही हैं। दुनियाभर में बढते भू-राजनैतिक तनाव और अमेरिका में बढती महंगाई के साथ ब्याज दरों में लंबे समय तक बढोतरी की आशंका के चलते फिलहाल धातुओं में निवेश कम आकर्षक लग रहा है।
दूसरी धातुओं में भी आई गिरावट
अमेरिका में नौकरियों के आंकड़े बहुत अच्छे सामने आए हैं। इससे सितंबर तक ब्याज दरों में बढोतरी की आशंका और भी बढ़ गई है। इस वजह से एल्युमिनियम ही नहीं, बल्कि सोना, चांदी और तांबे जैसी अन्य धातुओं की कीमतें भी नीचे आ रही हैं।
हालांकि, चीन ने अगले 5 सालों में अपने डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर में 200 अरब युआन (करीब 2,850 अरब रुपये) का भारी-भरकम निवेश करने का फैसला किया है। फिलहाल थोड़ी उथल-पुथल के बावजूद इससे लंबी अवधि में धातुओं की मांग बनी रहने की उम्मीद है।