अल्फाबेट ने AI के लिए जुटाया करीब 7,400 अरब रुपये का फंड
गूगल की मूल कंपनी अल्फाबेट ने हाल ही में अपने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए 80 अरब डॉलर (करीब 7,400 अरब रुपये) का बड़ा फंड जुटाने का ऐलान किया है।
इस फंड का एक हिस्सा बर्कशायर हैथवे जैसी दिग्गज कंपनियों से मिलेगा, जिन्होंने इसमें 10 अरब डॉलर (करीब 900 अरब रुपये) का निवेश किया है। बाकी फंड में से 40 अरब डॉलर (करीब 3,700 अरब रुपये) शेयर बेचकर और 30 अरब डॉलर (करीब 2,750 अरब रुपये) विशेष स्टॉक ऑफरिंग के जरिए जुटाए जाएंगे।
खर्च का अनुमान बढ़ाया
AI तकनीक की भारी मांग को देखते हुए अल्फाबेट ने अपना सालाना खर्च बढ़ाने का फैसला किया है। कंपनी ने ऐलान किया है कि वह इसमें 5 अरब डॉलर (करीब 450 अरब रुपये) और बढ़ाएगी, जिससे कुल खर्च 190 अरब डॉलर (करीब 17,500 अरब रुपये) तक पहुंच सकता है।
इस रकम का ज्यादातर हिस्सा कंपनी अपनी कंप्यूटिंग पावर को बढ़ाने और अपने खुद के AI चिप्स बनाने में लगाएगी। इन चिप्स को एनवीडिया जैसी कंपनियों के मुकाबले एक मजबूत विकल्प के तौर पर विकसित किया जा रहा है।
कंपनी की मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) एनाट अश्केनाजी ने बताया कि बेहतर AI के लिए जारी इस दौड़ में कंपनी का खर्च 2026 के बाद भी लगातार बढ़ेगा।