LOADING...
भारत में बढ़ी हवाई यात्रियों की शिकायतें, 6 महीने में मिली पिछले साल की 98 प्रतिशत
भारत में हवाई यात्रियों की शिकायतों में बढ़ोतरी हो रही है

भारत में बढ़ी हवाई यात्रियों की शिकायतें, 6 महीने में मिली पिछले साल की 98 प्रतिशत

Jul 29, 2025
02:15 pm

क्या है खबर?

भारतीय विमानन उद्योग को इस समय कड़ी जांच का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि यात्रियों की शिकायतें और विमान संबंधी तकनीकी समस्याओं में लगातार इजाफा हो रहा है। नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापू की ओर से सोमवार को संसद सत्र में पेश किस गए आंकड़ों के अनुसार, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को साल 2025 की पहली छमाही में ही साल 2024 में मिली कुल शिकायतों का 98 प्रतिशत मिल चुका है। आइए पूरी खबर जानते हैं।

शिकायत

DGCA को कितनी शिकायतें मिलीं?

मंत्री किंजरापू ने एक सवाल के जवाब में बताया कि DGCA को जनवरी से जून 2025 तक हवाई यात्रा से संबंधित कुल 3,925 शिकायतें मिली हैं। यह आंकड़ा 2024 के पूरे साल में दर्ज की गई 4,016 शिकायतों के बेहद करीब है। उन्होंने बताया कि DGCA को साल 2023 में 5,513 शिकायतें, 2022 में 3,783 और 2021 में 4,131 शिकायतें मिली थीं, जो यात्रियों की शिकायतों के समाधान में लगातार आ रही समस्या की ओर इशारा करती हैं।

खराबी

विमान में तकनीकी खराबी की कितनी शिकायतें मिलीं?

मंत्री किंजरापू ने बताया कि हवाई यात्रा के दौरान विमानों में तकनीकी खराबी भी बड़ी चिंता का विषय है। जनवरी से जून 2025 तक तकनीकी खराबी की कुल 183 शिकायतें दर्ज की गई हैं, जो 2024 में दर्ज 421 शिकायतों का 43 प्रतिशत है। इसी तरह 2023 में 448, साल 2022 में 528 और 2021 में 514 शिकायतें दर्ज की गई थीं। पिछले 5 वर्षों में जून 2025 तक विमानों में तकनीकी खराबियों की कुल 2,094 जांचें की गई हैं।

Advertisement

बयान

विमानन कंपनियों को शिकायतों की करनी चाहिए शीघ्र जांच 

मंत्री किंजरापू ने इस बात पर जोर दिया कि सभी विमान संचालकों के लिए यह सुनिश्चित करने हेतु प्रणालियां स्थापित करना आवश्यक है कि शिकायतों की त्वरित जांच की जाए। फिर भले ये उड़ान कर्मचारियों या रखरखाव टीमों द्वारा ही क्यों न पहचानी गई हो। उन्होंने नियामकीय निगरानी को रेखांकित करते हुए कहा, "सभी गंभीर दोषों की सूचना DGCA को तुरंत दी जाती है।" बता दें कि अहमदाबाद विमान हादसे के बाद विमानन सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।

Advertisement

कदम

सुरक्षा को मजबूत करने के लिए क्या उठाए कदम?

सुरक्षा को मजबूत करने के लिए उठाए गए कदमों पर मंत्री किंजरापू ने कहा, "DGCA के पास विमानों के सुरक्षित संचालन और रखरखाव के लिए व्यापक और संरचित नागरिक उड्डयन नियम हैं। इन नियमों को लगातार अपडेट किया जाता है और अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (ICAO)/यूरोपीय संघ विमानन सुरक्षा एजेंसी (EASA) के मानकों के अनुरूप बनाया जाता है। दुर्घटना के बाद DGCA ने सुरक्षा के महत्वपूर्ण घटक की जांच और निरीक्षण को बढ़ा दिया है।"

Advertisement