अमेरिकी-ईरान तनाव बढ़ने और महंगाई की चिंता से जापानी येन को लगा झटका
अमेरिकी डॉलर में बुधवार को खास बदलाव देखने को नहीं मिली, जबकि अमेरिका-ईरान के बीच तनाव फिर से बढ़ गया है। दरअसल, ईरान पर आरोप लगा था कि उसने एक अमेरिकी हेलीकॉप्टर को मार गिराया है।
हालांकि, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सभी को शांत करने की कोशिश करते हुए कहा कि पायलट पूरी तरह सुरक्षित है। जब यह मामला शांत हो गया तो अब सभी की निगाहें अमेरिका के मई महीने के महंगाई आंकड़ों पर टिक गई हैं। इन आंकड़ों से ही पता चलेगा कि फेडरल रिजर्व आगे क्या कदम उठाएगा।
जापान का येन 160.38 के पार
जापान का येन एक बार फिर कमजोर होकर 160.38 प्रति डॉलर के स्तर पर पहुंच गया है। यह वह स्तर है, जहां आमतौर पर सरकारें चिंता में आ जाती हैं।
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के कारण जापान में थोक कीमतें उम्मीद से कहीं ज्यादा बढ़ गई हैं। हालांकि, बैंक ऑफ जापान जल्द ही ब्याज दरें बढ़ाने की बात कर रहा है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि येन को मजबूत करने के लिए शायद और बड़े कदम उठाने पड़ सकते हैं।
महंगाई से डॉलर हुआ मजबूत
अमेरिका में बढ़ती महंगाई डॉलर की मांग को मजबूत बनाए हुए है। इसकी एक बड़ी वजह यह भी है कि निवेशक ऊर्जा की बढ़ती कीमतों पर पैनी नजर रखे हुए हैं। अब आगे का बड़ा घटनाक्रम मई की महंगाई रिपोर्ट होगी, जो आने वाले सप्ताहों में वैश्विक बाजारों और केंद्रीय बैंकों की प्रतिक्रिया को प्रभावित कर सकती है।