गुजरात में अडाणी ग्रीन एनर्जी ने चालू किया बैटरी स्टोरेज सिस्टम
अडाणी ग्रीन एनर्जी (AGEL) ने गुजरात में अपने मुख्य खावड़ा रिन्यूएबल एनर्जी प्लांट में शुरुआती 3.37GWh का बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) चालू कर दिया है। कंपनी की योजना इस जगह पर और भी बड़ी BESS क्षमता लगाने की है।
यह तकनीक सोलर और विंड ऊर्जा को जमा करती है, जिससे सूरज की रोशनी न होने या हवा न चलने पर भी बिजली मिल पाती है। रात के समय जब बिजली की मांग बढ़ जाती है, तब यह सिस्टम खास तौर पर बहुत काम आता है।
यह 3.37 GWh बैटरी स्टोरेज सिस्टम एक दिन में लगभग 10 लाख घरों को बिजली देने लायक ऊर्जा स्टोर कर सकता है और इससे बिजली की बर्बादी भी कम होती है।
स्टोरेज क्षमता को और बढ़ाने की योजना
खवड़ा अब एक और भी बड़ा स्वच्छ ऊर्जा केंद्र बनने जा रहा है। कंपनी की योजना है कि वह हर साल 5 से 6GW सोलर और विंड पावर क्षमता इसमें जोड़े।
इसके अलावा, कंपनी जल्द ही 10GWh की अतिरिक्त बैटरी स्टोरेज क्षमता भी जोड़ने की तैयारी में है। भविष्य में अडाणी समूह खुद बैटरी बनाने पर भी विचार कर रहा है, जिसका मतलब होगा कि बिजली की बढ़ती मांग के साथ-साथ सभी को ज्यादा भरोसेमंद ग्रीन पावर मिल सकेगी।