अडाणी समूह ने शेयर बेचकर जुटाए 15,000 करोड़ रुपये
बिज़नेस
अडाणी एंटरप्राइजेज ने हाल ही में एक बड़ी रकम जुटाई है। कंपनी ने क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) के जरिए 15,000 करोड़ रुपये जुटाने का काम पूरा कर लिया।
इस ऑफर में कंपनी ने 5.2 करोड़ शेयर 2,883 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से बेचे। यह कीमत बाजार भाव से करीब 5 फीसदी कम रखी गई थी, ताकि बड़े निवेशक इसकी तरफ आकर्षित हों और कंपनी के पास पर्याप्त पूंजी जमा हो सके।
SBI म्यूचुअल फंड ने खरीदी 15 फीसदी हिस्सेदारी
प्रमुख निवेशकों में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) म्यूचुअल फंड ने 15 फीसदी से ज्यादा की हिस्सेदारी खरीदी, वहीं न्यू वर्ल्ड और इपाक जैसी अन्य कंपनियों ने भी इसमें भागीदारी की।
इतनी बड़ी पूंजी जुटाने के बावजूद इस खबर के सामने आने के तुरंत बाद अडाणी का शेयर करीब 3 फीसदी नीचे आ गया। हालांकि, इस साल अब तक यह शेयर 38 फीसदी की शानदार बढ़त दर्ज कर चुका है।