भारत रिटेल-FMCG GCCs में बना दुनिया का सबसे बड़ा केंद्र
टीमलीज डिजिटल की एक नई रिपोर्ट बताती है कि खुदरा और तेजी से बढ़ते उपभोक्ता सामान (FMCG) ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (GCCs) के मामले में भारत दुनिया का सबसे बड़ा केंद्र बन गया है।
देश में करीब 180 ऐसे सेंटर्स हैं, जहां 2.72 लाख से ज्यादा लोग काम करते हैं। खास बात यह है कि भारत का यह GCC इकोसिस्टम अब पोलैंड, फिलीपींस, मैक्सिको, जर्मनी और मिस्र के कुल GCC इकोसिस्टम से भी 34 फीसदी बड़ा हो गया है।
वरिष्ठ AI विशेषज्ञों की भारी कमी
इस उछाल की मुख्य वजह भारत का विशाल टैलेंट पूल, सरकार की व्यवसाय-अनुकूल नीतियां और यहां की कम लागत है। ये सब मिलकर दुनियाभर की कंपनियों को अपनी ओर खींच रहे हैं।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का भी इसमें बड़ा हाथ है। इन GCCs में 5 से 7 फीसदी कर्मचारी AI से जुड़े कामों में लगे हैं, जो दूसरे देशों के मुकाबले कहीं ज्यादा है।
हालांकि, ज्यादातर नौकरियां अभी बेंगलुरु और मुंबई जैसे बड़े शहरों तक ही सीमित हैं, लेकिन अब छोटे शहरों में भी भर्तियां तेजी से बढ़ रही हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, 2028 तक टेक्नोलॉजी से जुड़े पदों में भारी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी, लेकिन वरिष्ठ AI विशेषज्ञों की कमी अभी भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।