अबू धाबी की MGX कर रही सिंगापुर की कंपनी डेवन को खरीदने की तैयारी
अबू धाबी की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) निवेश फर्म MGX सिंगापुर की कंपनी डेवन को खरीदने की तैयारी में है।
यह MGX का एशिया में पहला बड़ा कदम होगा। हालांकि, यह सौदा अभी पक्का नहीं हुआ है, फिर भी यह कंपनी की AI और तकनीक के क्षेत्र में अपनी वैश्विक मौजूदगी बढ़ाने की एक अहम कोशिश है।
डेवन की अमेरिकी IPO की योजना
डेवन एशिया और यूरोप में डाटा सेंटर चलाती है। उसने 20 अरब डॉलर (करीब 1,900 अरब रुपये) के अमेरिकी आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) की योजना बनाई हुई है।
MGX को सॉवरेन वेल्थ फंड मुबाडाला इन्वेस्टमेंट कंपनी और AI कंपनी G42 ने मिलकर शुरू किया था। इसने पहले ही OpenAI और टिक-टॉक के अमेरिकी ऑपरेशंस जैसी बड़ी कंपनियों में पैसा लगाया हुआ है। अगर, यह सौदा पक्का होता है तो इससे MGX की तेजी से विकास करने की योजनाओं को तो बल मिलेगा ही, साथ ही संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की तकनीक के क्षेत्र में अपनी महत्वाकांक्षाएं भी पूरी होंगी। हालांकि, डेवन अब भी खुद IPO लाने का फैसला कर सकती है।