
भारत में बंद हुई यामाहा की लोकप्रिय MT-15 बाइक, अपडेटेड मॉडल लेगा जगह
क्या है खबर?
अभी पिछले साल अगस्त में ही यामाहा ने MT-15 सीरीज के तहत नया मोटो GP वेरिएंट लॉन्च किया था और अब खबर आ रही है कि कंपनी लोकप्रिय स्टैंडर्ड हाइपर-नेकेड MT-15 बाइक को महत्वपूर्ण बदलाव के साथ पेश करेगी।
अपडेटेड MT-15 को अगले महीने लॉन्च किए जाने की उम्मीद है, लेकिन इससे पहले कंपनी ने मौजूदा MT-15 बाइक को बंद कर दिया गया है।
बंद करने के पीछे का कारण इसकी घटती बिक्री बतायी जा रही है।
कारण
लगातार घट रही थी मांग
यामाहा MT-15 की मांग लगातार भारतीय बाजार में घट रही थी। इसकी प्रति महीने औसतन बिक्री 5,000 यूनिट्स की थी, जो कि जनवरी, 2022 में घटकर केवल 17 यूनिट रह गई।
इस वजह से कंपनी को लागत मूल्य का काफी बड़ा हिस्सा घाटे के रूप में उठाना पड़ रहा था।
अंत में इसे पूरी तरह से बंद करने का निर्णय लिया गया है और इसकी जगह नए फीचर्स से लैस अपडेटेड MT-15 को लाने की योजना बनाई जा रही है।
फीचर्स
अपडेटेड MT-15 बाइक में होंगे ये फीचर्स
यामाहा MT-15 के 2022 वर्जन में विजुअल और मैकेनिकल अपडेट सहित कई बदलाव होंगे।
डिजाइन की बात करें तो इसमें एक्सटेंशन के साथ एक मस्कुलर फ्यूल टैंक, स्टेप-अप सीट, बेहद अलग दिखने वाला शानदार हेडलाइट्स और ऐरो आकार के मिरर दिए जाएंगे।
बाइक में डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल, लाइटिंग के लिए फुल-LED सेटअप और ब्लैक-आउट अलॉय व्हील्स भी दिए जा सकते हैं। इन सबके अलावा नई बाइक क एक आकर्षक फ्रंट लुक भी दिया जाएगा।
इंजन
दिया जाएगा यामाहा का लोकप्रिय इंजन
MT-15 अपडेटेड वेरिएंट में यामाहा के सभी नए मॉडल्स में लगा 155cc वाला सिंगल-सिलेंडर, लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है और इसे 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है।
यह इंजन 10,000rpm पर 18.24hp की पावर और 8,500rpm पर 13.9Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है।
साथ ही यह वेरिएबल वॉल्व एक्चुएशन (VVA) के साथ असिस्ट और स्लिपर क्लच जैसी उन्नत सुविधाओं से लैस किया जाएगा।
नए ग्राफिक्स और रंग विकल्पों के साथ कॉस्मेटिक एन्हांसमेंट की गुंजाइश भी बहुत अधिक है।
सुरक्षा फीचर्स
सुरक्षा के लिए दिए जाएंगे लेटेस्ट फीचर्स
कंपनी ने राइडर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यामाहा MT-15 2022 में डुअल-चैनल ABS के साथ आगे और पीछे दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक दिए हैं, जबकि पुराने मॉडल पर सिंगल चैनल ABS दिया गया था।
सड़कों पर बेहतर संचालन के लिए मोटरसाइकिल में ट्रैक्शन कंट्रोल जैसे फीचर्स भी होंगे।
सस्पेंशन का ध्यान रखते हुए इसमें आगे की तरफ USD फोर्क्स और रियर एंड पर मोनोक्रॉस यूनिट दिया जा सकता है।
जानकारी
हाल में लॉन्च हुआ है FZ 25 बाइक का 2022 वेरिएंट
ऐसा लगता है कि यामाहा इन दिनों अपने पुराने मॉडल्स के अपडेटेड वेरिएंट्स की लॉन्चिंग की तैयारी में है।
पिछले महीने ही कंपनी ने FZ 25 बाइक के 2022 वेरिएंट को लॉन्च किया है। भारतीय बाजार में इसे दो ट्रिम्स FZ 25 और FZS 25 में पेश किया गया है।
हाइलाइट्स के तौर पर बाइक का लुक आक्रामक है और LCD इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के साथ-साथ फुल-LED लाइटिंग सेटअप दिया गया है। साथ ही इसमें 249cc का सिंगल-सिलेंडर इंजन है।