KTM 390 एडवेंचर के मुकाबले रॉयल एनफील्ड लाएगी हिमालयन 450, जानिए कब होगी लॉन्च

देश की दिग्गज बाइक निर्माता कंपनी रॉयल एनफील्ड अपनी नई बाइक हिमालयन 450 पर काम कर रही है। गौरतलब है कि कंपनी की हिमालयन 650 पहले से ही भारतीय बाजार में उपलब्ध है और इसकी जबरदस्त मांग चल रही है। अब 450cc सेगमेंट में खुद को मजबूत बनाने के लिए कंपनी हिमालयन के कम वजन वाले वेरिएंट को लॉन्च करने की योजना बना रही है। कंपनी इसे अगले साल पेश कर सकती है। आइए, इसके फीचर्स जानते हैं।
डिजाइन के हिसाब से यह बाइक काफी हद तक जल्द लॉन्च होने वाली रॉयल एनफील्ड स्क्रैम 411 से मिलती जुलती है। हिमालयन 450 में विंडस्क्रीन और रॉयल एनफील्ड की सिग्नेचर रग्ड बॉडी स्टाइल की सुविधा दी जाने की उम्मीद है। फीचर्स के तौर पर इसमें पीछे की तरफ भी टेललैंप और रियर टर्न इंडिकेटर्स को फिर से डिजाइन किया गया है। बाइक में अपडेटेड फ्रंट और रियर मडगार्ड, सिंगल-पीस सीट, फोर्क गैटर, सिंगल-पीस ग्रैब रेल और एक गोल हेडलैंप मिलेंगे।
नई में BS6 मानकों को पूरा करने वाला 450cc का सिंगल-सिलेंडर, एयर-कूल्ड SOHC इंजन दिया जाएगा। यह इंजन 6,500rpm पर 24.3hp की पावर और 4,000 से 4,500rpm पर 32Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। ट्रांसमिशन के लिए इंजन को 5-स्पीड गियरबॉक्स से भी जोड़ा जाएगा। आपको बता दें कि इस बाइक को लिक्विड कूल्ड इंजन के साथ भी लॉन्च किया जा सकता है। माइलेज की बात करें तो यह एक लीटर पेट्रोल में 35 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।
इस बाइक के कीमत और उपलब्धता की जानकारी इसके लॉन्च के समय ही दी जाएगी। हालांकि, अनुमान लगाया जा रहा है कि इसे 2.7 लाख रुपये की कीमत पर लॉन्च किया जा सकता है। लॉन्च होने के बाद इसका मुकाबला KTM 390 एडवेंचर से होगा।
राइडर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रॉयल एनफील्ड हिमालयन 450 बाइक के आगे और पीछे दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक दिए जाएंगे। साथ ही बेहतर हैंडलिंग के लिए इसमें ABS भी हो सकता है। सस्पेंशन ड्यूटी के लिए बाइक में आगे की तरफ इनवर्टेड टेलीस्कोपिक फोर्क्स और पीछे की तरफ मोनो-शॉक यूनिट या ट्विन शॉक एब्जॉर्बर दिए जाएंगे। भारतीय बाजार में हिमालयन 450 को स्पोक व्हील्स के साथ लॉन्च किया जा सकता है।
रॉयल एनफील्ड अपनी अपकमिंग स्क्रैम 411 बाइक को भारत में लॉन्च करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। खबर है कि इसे इसी साल फरवरी में लॉन्च किया जा सकता है। स्क्रैम 411 के अलावा कंपनी की दो और नई बाइक शॉटगन 650 क्रूजर बाइक और हंटर 350 रेट्रो रोडस्टर बाइक भी भारत में लॉन्च होने वाली है। हंटर 350 साल मध्य तक आएगी, जबकि नई शॉटगन 650 को त्योहारी सीजन में लॉन्च किया जा सकता है।