Page Loader
पोर्शे की इलेक्ट्रिक कार टायकन का इंतजार खत्म, अगले महीने होगी भारत में लॉन्च
नवंबर में आ रही पोर्शे टायकन इलेक्ट्रिक कार

पोर्शे की इलेक्ट्रिक कार टायकन का इंतजार खत्म, अगले महीने होगी भारत में लॉन्च

Oct 28, 2021
07:30 pm

क्या है खबर?

भारत में लग्जरी कार पोर्शे टायकन के लिए अब और इंतजार नहीं करना होगा। कंपनी ने देश में इस ऑल इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार को लॉन्च करने की पूरी तरह तैयारी कर ली है और इसे 12 नवंबर को लॉन्च किया जाएगा। आपको बता दें कि ग्लोबल लेवल पर पोर्शे टायकन कंपनी की सफल कार है और इसने लॉन्चिंग के महज नौ महीनों में 28,640 यूनिट्स की बिक्री की है। आइये, जानते हैं इस लग्जरी कार के बारे में।

एक्सटिरीयर

टायकन में है LED मैट्रिक्स हेडलाइट्स

टायकन कंपनी का पहला इलेक्ट्रिक वाहन है। यह 1,966mm चौड़ी और केवल 1,380mm ऊंची है। इसलिए सामने से यह चौड़ी और सपाट नजर आती है। इसमें झुके हुए बोनट, LED मैट्रिक्स हेडलाइट्स और फोर पॉइंट DRL लगे हैं। इसके फ्लैट हैंडल दरवाजों के साथ फ्लश होते हैं और जरूरत पड़ने पर ऑटोमैटिक बाहर आते हैं। इसके अलावा सिल्वर/ब्लैक हाई-ग्लॉस में टू-टोन 21 इंच फाइव-स्पोक फोर्ज्ड व्हील्स और पोर्शे का थ्री-डाइमेंशनल शेप ग्लास लोगो इसे शानदार बनाता है।

इंटीरियर

केबिन में मिलते हैं चार टच पैनल

पोर्शे टायकन का इंटीरियर इसके बेस मॉडल 911 से प्रेरित है। इसमें नए डिजाइन के साथ 16.8 इंच इंस्ट्रूमेंट पैनल है जिसमें राउंड लुक दिया गया है। साथ ही इसमें 10.9 इंच का सेंट्रल इंफोटेनमेंट डिस्प्ले और एक ऑप्शनल पैसेंजर डिस्प्ले है। इतना ही नहीं, सामने वाले पैसेंजर के पास अपने खुद का टच डिस्प्ले ऑप्शन भी है। हैप्टिक फीडबैक के साथ एक बड़ा 8.4 इंच का टच पैनल सेंट्रल कंसोल के नीचे है जो AC को कंट्रोल करता है।

बैटरी रेंज

दो इलेक्ट्रिक मोटर्स को सपोर्ट करती है कार

पोर्शे टायकन दो इलेक्ट्रिक मोटर्स को स्पोर्ट करती है जो अधिकतम 600bhp की पावर जनरेट कर सकती हैं। इसकी हाई वोल्टेज लिथियम-आयन बैटरी 500 किलोमीटर से अधिक की रेंज देती है। साथ ही इलेक्ट्रिक कार में फास्ट चार्जिंग क्षमता वाले 800 वोल्ट के चार्जर मिलेंगे, जो 15 मिनट के में 400 किमी की रेंज ऑफर कर सकते हैं। दूसरी तरफ टायकन 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार 3.5 सेकंड से कम में पकड़ सकती है।

जानकारी

ये हो सकती है संभावित कीमत

पोर्शे टायकन को भारत में टर्बो और टर्बो S वेरिएंट में पेश किया जाएगा और इसकी कीमत एक से 1.25 करोड़ के बीच होने की उम्मीद है। भारत में यह लॉन्चिंग के बाद ऑडी ई-ट्रॉन GT, जगुआर i-पेस और मर्सिडीज बेंज EQC से मुकाबला करेगी।