ओडिसी ने लॉन्च किए 150 किलोमीटर तक की रेंज वाले नये स्कूटर
क्या है खबर?
मुंबई (Mumbai) की दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी ओडिसी (Odysse) ने भारत में अपने V2 और V2+ स्कूटर लॉन्च कर दिए हैं।
यह कंपनी मौजूदा समय में चार इलेक्ट्रिक वाहन (EV) मॉडल E2गो, हॉक+, रेसर और इवोकिस की बिक्री करती है।
दोनों नये स्कूटर को बहुत ही आकर्षक लुक दिया गया है। इनमें LED लाइटिंग सेटअप के साथ-साथ एक डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल भी है।
ये स्कूटर सिंगल चार्ज पर 150 किलोमीटर तक की रेंज का दावा करते हैं।
डि़जाइन
कैसा है डिजाइन?
ओडिसी V2 और V2+ में हैडलाइट को हैंडल के बजाय फ्रंट बॉडी के बीच में रखा गया है। पैर रखने को फ्लैट फुटबोर्ड, आरामदायक फ्लैट सीट, पीछे वाले यात्री को गद्दे वाला बैकरेस्ट और एंटी-थेफ्ट लॉक दिया गया है।
दोनों स्कूटरों में LED इंडिकेटर, फ्रंट में हैंडलबार के पास एक LED पट्टी है जो फ्रंट इंडिकेटर का काम करती है। इन्हें डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल और 12 इंच आलॉय व्हील भी दिए गए हैं।
सेफ्टी
150 किलोमीटर की रेंज देगा V2+
सुरक्षा के लिये दोनों इलेक्ट्रिक स्कूटरों को फ्रंट व्हील में डिस्क ब्रेक और रियर व्हील पर ड्रम ब्रेक दिये गये हैं।
इन स्कूटरों के बैटरी पैक को IP 67 की वाटर रेसिस्टेंट रेटिंग प्राप्त है।
कंपनी दावा करती है कि V2 सिंगल चार्ज में 75 किलोमीटर की रेंज देगा और V2+ की क्षमता 150 किलोमीटर की रेंज देने की है।
दोनों स्कूटर में की-लेस स्टार्ट और 25 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम स्पीड मिलती है।
कीमत
जानिये क्या रखी गई है इन स्कूटर की कीमत
दोनों स्कूटर की कीमत इनकी बैट्री क्षमता के आधार पर रखी गई है। ओडिसी V2 की एक्स शोरूम कीमत 75,000 रुपये और V2+ की एक्स शोरूम कीमत 97,500 रुपये रखी गई है।
इन स्कूटरों की बुकिंग आप 2000 रुपये देकर ऑनलाइन भी करा सकते हैं।
ये दोनो ही स्कूटर छ रंगों के विकल्प के साथ आते हैं: कार्बन ब्लैक, पेस्टल पीच, रेडिएंट रेड, सफायर ब्लू, पर्ल व्हाइट और पिस्ता ग्रीन।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस (जानकारी)
भारत में ओडिसी के इलेक्ट्रिक वाहनों की रेंज 58,000 रुपये से शुरू होती है। इस कीमत में कंपनी का सबसे सस्ता मॉडल E2गो मिलता है। वहीं सबसे महंगी ओडिसी इलेक्ट्रिक बाइक इवोकिस है जिसकी एक्स शोरुम कीमत 1.66 लाख रुपये है।