नई किआ सेल्टोस भारत में पेश, जानिए क्या कुछ किया है बदलाव
क्या है खबर?
किआ मोटर्स ने हैदराबाद में भारत के लिए बिल्कुल नई 2026 सेल्टोस से पर्दा उठा दिया है। इसके डिजाइन में बड़ा बदलाव, बेहतर तकनीक और नए इंजन विकल्पों के साथ अधिक प्रीमियम केबिन शामिल है। यह दक्षिण कोरियाई कार निर्माता का इस साल का सबसे महत्वपूर्ण लॉन्च है। नई सेल्टोस की बुकिंग 12 दिसंबर की मध्यरात्रि से 25,000 रुपये की टोकन राशि पर शुरू होगी और कीमत 2 जनवरी, 2026 को घोषित होगी। डिलीवरी भी इस महीने में शुरू होगी।
लुक
लुक में किए ये बदलाव
नई सेल्टोस में 'इनफिनिट SUV डिजाइन' शैली अपनाई गई है, जो पिछले मॉडल की तुलना में अधिक बोल्ड और दमदार है। इसमें डिजिटल टाइगर फेस, नई स्टारमैप LED लाइटिंग सिग्नेचर, LED फॉग लाइट्स, चौड़ी ग्रिल, फ्लश डोर हैंडल, डायनामिक वेलकम-गुडबाय एनिमेशन, ब्लाइंड-व्यू मॉनिटर, पेंटेड बॉडी क्लैडिंग इसकी खूबसूरती में चार-चांद लगाते हैं। इसके अलावा कैंडी ग्रीन पेंटेड ब्रेक कैलिपर्स, बड़े 18-इंच डायमंड कट व्हील्स, इंटीग्रेटेड स्टॉप लैंप, नए रूफ स्पॉयलर, हिडन रियर वाइपर और शार्क फिन एंटीना से लैस है।
इंटीरियर
इन सुविधाओं से लैस है केबिन
किआ ने नई सेल्टोस के इंटीरियर को पूरी तरह से नया रूप दिया है, जिससे केबिन को और भी आधुनिक और फीचर-रिच अनुभव मिलता है। SUV में इंफोटेनमेंट और डिजिटल क्लस्टर के लिए नया फ्लोटिंग ड्यूल-स्क्रीन सेटअप दिया है, जिसमें वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो/ऐपल कारप्ले की सुविधा है। ड्राइवर को नए स्टीयरिंग व्हील डिजाइन, नए स्विच और हेड्स-अप डिस्प्ले मिलते हैं। इसके अलावाएम्बिएंट लाइटिंग, ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, 8-स्पीकर बोस ऑडियो सिस्टम और ड्यूल-पेन पैनोरमिक सनरूफ जैसी सुविधाएं मौजूद हैं।
सेफ्टी
सेफ्टी पर दिया खास जोर
कंपनी ने नई किआ सेल्टोस के निर्माण में अति उच्च-शक्ति वाले स्टील का भरपूर उपयोग करके इसकी सुरक्षा को काफी हद तक बेहतर बनाया है। क्रंपल जोन को भी अब मजबूत किया गया है। इसमें 6 एयरबैग, ABS, EBD, ट्रैक्शन कंट्रोल, चारों डिस्क ब्रेक, मजबूत चेसिस, ऑटो हेडलाइट्स और अन्य सुविधाओं सहित 24 मानक सुरक्षा सुविधाएं दी गई हैं। सक्रिय सुरक्षा सुविधाओं की बात करें तो, 28 ऑटोनॉमस ड्राइवर असिस्टेंस सुविधाओं के साथ लेवल-2+ ADAS सूट दिया गया है।
पावरट्रेन
ऐसे हैं पावरट्रेन विकल्प
2026 किआ सेल्टोस के पावरट्रेन पिछले मॉडल से उधार लिए हैं। तीनों इंजन 4-सिलेंडर वाले हैं और अपनी सुचारू और कंपन-मुक्त संचालन क्षमता के लिए जाने जाते हैं। 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल के अलावा 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल और 1.5-लीटर टर्बो डीजल इंजन विकल्प मिलेंगे। ट्रांसमिशन विकल्पों में मैनुअल, iMT, iVT, DCT, और 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर शामिल हैं। साथ ही 3 ट्रैक्शन मोड- स्नो, मड और सैंड जोड़े गए हैं। इसके मौजूदा मॉडल की शुरुआती कीमत 10.80 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है।