MG की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक गाड़ी कॉमेट से उठा पर्दा, देगी 230 किलोमीटर की रेंज
क्या है खबर?
भारतीय बाजार में अपने पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए MG मोटर्स ने अपनी दो दरवाजों वाली इलेक्ट्रिक गाड़ी MG कॉमेट को पेश कर दिया है। यह गाड़ी बेहद छोटी है। इस वजह से इसे ट्रैफिक में चलाने या पार्किंग करने में आसानी होगी। यह गाड़ी 2,974mm लंबी होगी।
MG गुजरात स्थित अपनी मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में इस गाड़ी का उत्पादन शुरू कर दिया है। इसे चार रंगों में विकल्प में उतारा गया है।
आइए इस गाड़ी के बारे में जानते हैं।
लुक
कैसा है MG कॉमेट EV का लुक?
MG कॉमेट EV को बॉक्सी लुक मिला है। सामने की तरफ इसमें क्रोम स्ट्रिप्स के माध्यम से जुड़ा चौड़ा लाइट बार दिया गया है, जो सीधे दरवाजे पर लगे विंग मिरर तक आता है।
इस लाइट बार के नीचे चार्जिंग पोर्ट डोर दिया गया है, जिस पर MG का लोगो होगा।
इसमें डे टाइम रनिंग लाइट्स (DRL) के LED हेडलाइट्स और टेललाइट्स दिए गए हैं। साथ ही इसमें नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स दिए गए हैं।
पावरट्रेन
सिंगल चार्ज में 230 किलोमीटर चलेगी यह गाड़ी
इस इलेक्ट्रिक गाड़ी में 17.3kWh की बैटरी और सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर दी गई हैं। यह सेटअप 42PS की पावर और 110Nm का टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है।
इसमें फास्ट चार्जिंग तकनीक नहीं मिलेगी और इस वजह से इसे 80 प्रतिशत चार्ज होने में 5 घंटे का समय लगेगा। वहीं इसे फुल चार्ज होने में करीब 7 घंटे लगेंगे।
एक बार फुल चार्ज करने पर यह गाड़ी 230 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।
फीचर्स
गाड़ी में मिलेगा 4-सीटर केबिन
यह एक 2 दरवाजों वाली इलेक्ट्रिक गाड़ी होगी और इसमें 4-सीटर केबिन दिया गया हैं। इसमें डिजिटल इंस्ट्रुमेंटल क्लस्टर और 10.25-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलेगा।
इस गाड़ी में एंड्रॉयड ऑटो और ऐपल कारप्ले को सपोर्ट करने वाला पैनल भी है। साथ ही इसमें टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, मौसम भी जानकारी और ट्रैफिक की जानकारी जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।
कंपनी की इस गाड़ी में कस्टमाइज भी किया जा सकता है। इसमें केवल 12 इंच के पहिए दिए गए हैं।
जानकारी
क्या होगी इस गाड़ी की कीमत?
भारतीय बाजार में MG की इस इलेक्ट्रिक कार की कीमत और उपलब्धता की जानकारी 26 अप्रैल को दी जाएगी। हालांकि, अनुमान लगाया जा रहा है कि इसे 10 लाख रुपये के आस-पास लॉन्च किया जाएगा।
न्यूजबाइट्स प्लस
महिंद्रा भी लेकर आ रही छोटी इलेक्ट्रिक गाड़ी
पिछले साल महिंद्रा ने अपनी दो दरवाजे वाली इलेक्ट्रिक क्वाड्रिसाइकिल एटम को भारत में पेश किया था। सबसे पहले इसे ऑटो एक्सपो 2020 में पेश किया था, जहां इसे काफी पसंद किया गया।
इसके आकार की बात करें तो एटम की लंबाई 2,728mm, चौड़ाई 1,452mm और ऊंचाई 1,576mm रखी गई है, वहीं इसके व्हीलबेस को 1,885mm का रखा गया है। कंपनी की मानें तो यह 70 किलोमीटर प्रति घंटे की टॉप स्पीड से चलने में सक्षम होगी।