Page Loader
महिंद्रा XUV400 EV और XUV300 में कितना है अंतर, जानें इन SUVs की क्षमताएं
महिंद्रा XUV400 EV V/s महिंद्रा XUV300

महिंद्रा XUV400 EV और XUV300 में कितना है अंतर, जानें इन SUVs की क्षमताएं

Sep 18, 2022
02:30 pm

क्या है खबर?

महिंद्रा एंड महिंद्रा ने विश्व EV दिवस से एक दिन पहले 8 सितंबर को अपनी पहली इलेक्ट्रिक SUV XUV400 से पर्दा उठाया था। इसके अलावा कंपनी भविष्य में कई नई इलेक्ट्रिक कॉन्सेप्ट SUVs लॉन्च करने का खुलासा पहले ही कर चुकी है। महिंद्रा XUV400 को कॉम्पैक्ट साइज SUV XUV300 का इलेक्ट्रिक वर्जन माना जा सकता है। हालांकि, कंपनी ने XUV400 को बनाने के लिए XUV300 में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। यहां दोनों SUVs के बीच के अंतर को जानिये।

एक्सटीरियर

क्रॉम के बजाय कॉपर फिनिश के साथ है XUV400

पहली नजर में दोनों SUV बहुत समान दिखती हैं लेकिन महिंद्रा ने इनके बाहरी डिजाइन में कुछ बदलाव किए हैं। XUV400 में कंपनी ने XUV300 के फ्रंट बंपर में मिलने वाली वर्टिकल LED DRL को हटा दिया है, इसके स्थान पर तांबे की एक पट्टी का इस्तेमाल किया गया है। XUV400 का बंपर डिजाइन भी पहले से अलग है और इसमें 'x' एलिमेंट्स के साथ-साथ कंपनी का नया ट्वीन-पीक लोगो कॉपर (तांबा) फिनिश में दिया गया है।

डिजाइन

लंबाई में चार मीटर से बड़ी है XUV400

महिंद्रा ने अपनी नई इलेक्ट्रिक XUV400 के आकार को XUV300 की तुलना में बड़ा किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी ने ऐसा इसलिये किया है क्योंकि चार मीटर से बड़ी ICE इंजन वाली कारों पर एक अतिरिक्त टैक्स लगता है, जो अभी इलेक्ट्रिक कारों पर लागू नहीं होता है। इससे कार की कीमत में अधिक बढ़ोतरी नहीं होगी। XUV400 की लंबाई इसके ICE मॉडल से 205mm अधिक कर दी गई है। अब इसमें 378 लीटर का बूट स्पेस मिलता है।

पावरट्रेन

XUV400 का पावरट्रेन है अधिक दमदार

महिंद्रा XUV400 को 39.5kW बैटरी पैक विकल्प के साथ पेश किया गया है। यह सेटअप 150bhp की पावर और 310Nm का पीक टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है। महिंद्रा का दावा है कि यह SUV सिंगल चार्ज में 456 किलोमीटर की रेंज देने की क्षमता रखती है। XUV300 में 1.2 लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन दिया जाता है, जो 106bhp की पावर और 200Nm का टॉर्क जनरेट करने की क्षमता रखता है।

कीमत

क्या है इन दोनों की कीमतें?

महिंद्रा का कहना है कि वह XUV400 की कीमतें, बुकिंग और डिलीवरी आदि से जुड़ी सभी जानकारियां अगले साल की शुरूआत में उजागर करेगी। हालांकि, अनुमान के मुताबिक इसकी कीमत 13 से 17 लाख रुपये के बीच रखी जा सकती है। बाजार में इसका सीधा मुकाबला टाटा नेक्सन EV, MG ZS EV और हुंडई कोना जैसी इलेक्ट्रिक कारों से होगा। वहीं दूसरी ओर मौजूदा समय में XUV300 की एक्स शोरूम कीमतें 8.42 लाख से 13.92 लाख रुपये के बीच हैं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि महिंद्रा अगले कुछ महीनों में अपनी मौजूदा XUV300 को फेसलिफ्ट करने जा रही है। इसे देश में कई बार टेस्टिंग के दौरान स्पॉट भी किया जा चुका है।