Page Loader
महिंद्रा XUV300 फेसलिफ्ट 7 अक्टूबर को होगी लॉन्च, जानिए किन फीचर्स से होगी लैस
महिंद्रा XUV300 फेसलिफ्ट अक्टूबर में होगी लॉन्च (तस्वीरः महिंद्रा)

महिंद्रा XUV300 फेसलिफ्ट 7 अक्टूबर को होगी लॉन्च, जानिए किन फीचर्स से होगी लैस

Oct 02, 2022
02:01 pm

क्या है खबर?

महिंद्रा 7 अक्टूबर को भारत में अपनी कॉम्पैक्ट SUV XUV300 के फेसलिफ्ट वेरिएंट की लॉन्चिंग की तैयारी कर रही है। 2019 में इस कार की पहली लॉन्चिंग के बाद से यह इसका पहला अपडेट होगा और इसे कंपनी के नए "ट्विन पीक्स" लोगो के साथ एक बिल्कुल नया डिजाइन किया गया फ्रंट लुक मिलेगा। यह संभवतः मौजूदा 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन के दोबारा-ट्यून किए गए वेरिएंट पर आधारित होगी।

जानकारी

पहली बार किया जा रहा है महिंद्रा XUV300 को फेसलिफ्ट

महिंद्रा ने XUV300 को भारतीय बाजार के सबसे प्रतिस्पर्धी कॉम्पैक्ट SUV वाले सेगमेंट में लॉन्च किया था। इसने सेगमेंट की बेस्टसेलिंग मारुति सुजुकी विटारा ब्रेजा और हुंडई वेन्यू को जबरदस्त टक्कर दी। अब सेगमेंट में फिर से अपनी धाक जमाने के लिये और अधिक खरीदारों को आकर्षित करने के लिए घरेलू वाहन निर्माता ने इस SUV को अपडेट करने की योजना बनाई है। कंपनी ऑटो एक्सपो 2020 में पेश किये गये इसके अपग्रेडेड पेट्रोल इंजन को लॉन्च कर सकती है।

डिजाइन

कैसा होगा नई महिंद्रा XUV300 का लुक?

महिंद्रा XUV300 फेसलिफ्ट के दोनों सिरों (आगे और पीछे) पर नये "ट्विन पीक्स" लोगो के साथ मस्कुलर बोनट, क्रोम-स्टडेड ग्रिल, LED DRLs के साथ प्रोजेक्टर हेडलाइट्स, सिल्वर स्किड प्लेट्स, एक रेक विंडस्क्रीन और फ्रंट में एक चौड़ा एयर डैम दिया जाएगा। साइड में SUV के किनारे रूफ रेल्स, ORVMs, फ्लेयर्ड व्हील आर्चेस और नए डिजाइन किए गए अलॉय व्हील्स होंगे। इनके अलावा, इसकी रियर प्रोफाइल को शानदार बनाने के लिये इसमें रैप-अराउंड LED टेललाइट्स भी होंगी।

इंजन

किन इंजन विकल्प के साथ आएगी महिंद्रा XUV300?

नई फेसलिफ्ट XUV300 के तकनीकी पहलुओं का खुलासा किया जाना अभी बाकी है। उम्मीद हैं कि इस SUV में पहले से बेहतर दोबारा ट्यून किया गया 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन दिया जाएगा, जिसमें अधिकतम 128bhp की पावर जनरेट करने की क्षमता होगी। इसके अलावा यह 1.5 लीटर डीजल इंजन के साथ आ सकती है, जो 116.5bhp की पावर जनरेट करेगा। अपडेटेड महिंद्रा XUV300 की कीमत और उपलब्धता की घोषणा 7 अक्टूबर को लॉन्च इवेंट के दौरान की जाएगी।

इंटीरियर

कैसा होगा इस SUV का इंटीरियर?

फेसलिफ्ट XUV300 के इंटीरियर की तस्वीरें कुछ वक्त पहले इंटरनेट पर लीक हो गई थीं। इन तस्वीरों के आधार पर कहा जा सकता है कि इसमें अधिक महत्व नये लोगो पर दिया गया है। हालांकि, अंदर कुछ छोटे-मोटे बदलाव भी हो सकते हैं, लेकिन इसका अधिकांश भाग मौजूदा मॉडल जैसा ही दिखाई पड़ता है। इसकी कुछ प्रमुख विशेषताओं में प्रीमियम लेदरेट अपहोल्स्ट्री, लेदर रैप्ड स्टीयरिंग व्हील, डुअल-टोन ब्लैक और बेज डैशबोर्ड, 6-वे एडजस्टेबल ड्राइवर सीट, सनग्लास होल्डर आदि शामिल हैं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

महिंद्रा ने हाल ही में अपनी पहली इलेक्ट्रिक SUV XUV400 भी पेश की है। डिजाइन के मामले में यह XUV300 का ही रीबैज मॉडल लगती है, लेकिन इसे लंबाई में कुछ बड़ा बनाया गया है। गौरतलब है कि यह EV अगले साल लॉन्च होगी।