भारत में बनती हैं ये कारें, लेकिन यहां बिकती नहीं
क्या है खबर?
दुनियाभर में बढ़ती मांग को देखते हुऐ भारतीय ऑटोमोबाइल (Indian automobile) कंपनियां निर्यात वृद्धि पर भी जोर दे रही हैं।
यह बात आपको दिलचस्प लगेगी कि निर्यात (export) के लिए कई ऐसी गाड़ियां हैं जिनका उत्पादन भारत में ही होता है, लेकिन घरेलू बाजार में इनकी बिक्री नहीं की जाती है।
सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) के अनुसार, भारत ने वित्त वर्ष 2021-22 में पैसेंजर कार के निर्यात में 43 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है।
#1
सुजुकी जिम्नी
मारुति सुजुकी पिछले साल जनवरी से ही सुजुकी जिम्नी (Suzuki Jimny) का अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निर्यात कर रही है।
भारत में भी ग्राहक इस एडवेंचर कार के लॉन्च होने का इंतजार लंबे समय से कर रहे हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, मारुति भारतीय बाजार के लिए इस कॉम्पैक्ट SUV के 5-डोर और लॉन्ग-व्हीलबेस वेरिएंट पर काम कर रही है, जिसके इस साल के अंत में या अगले साल की शुरुआत में बाजार में आने की उम्मीद की जा रही है।
#2
महिंद्रा रॉक्सोर
महिंद्रा थार के पुराने वेरिएंट से मिलती-जुलती महिंद्रा रॉक्सोर का निर्माण कंपनी भारत में करती है, लेकिन इसे उत्तरी अमेरिकी देशों के बाजारों में निर्यात किया जाता है।
महिंद्रा इसे विदेशी बाजार में 2018 से बेच रही है।
2020 में अमेरिकी ऑटो दिग्गज फिएट क्रिसलर ऑटोमोबाइल्स (FCA) ने रॉक्सोर में जीप के डिजाइन की नकल करने के लिए महिंद्रा पर मुकदमा दायर किया था, जिसके बाद 2021 में महिंद्रा इस कार को फेसलिफ्ट कर बाजार में वापस लेकर आई थी।
#3
महिंद्रा स्कॉर्पियो गेटअवे
महिंद्रा स्कॉर्पियो गेटअवे (Mahindra Scorpio Getaway) को 2007 से 2018 के बीच भारत में भी बेचा जाता था, लेकिन भारतीय बाजार में इसे उतने खरीदार नहीं मिले।
इसलिये इसे भारतीय बाजार में बंद कर दिया गया, लेकिन महिंद्रा अभी भी स्कॉर्पियो के इस इस पिकअप ट्रक वेरिएंट को दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जैसे कुछ अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निर्यात करती है।
भारत में इसकी जगह महिंद्रा के ही बोलेरो मैक्सी ट्रक और बोलेरो पिकअप ने ले रखी है।
#4 & 5
टोयोटा रुमियन और बेल्टा
टोयोटा दक्षिण अफ्रीका जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मारुति अर्टिगा के रिबैज वर्जन को रुमियन (Rumion) नाम से बेचती है। इस MPV कार का निर्माण भारत में मारुति सुजुकी द्वारा किया जाता है, और फिर टोयोटा द्वारा इसे रीबैज कर निर्यात किया जाता है।
रुमियन की ही तरह टोयोटा मध्य-पूर्वी देशों में 'बेल्टा' (Belta) नाम से मारुति सियाज के रिबैज वर्जन की बिक्री कर रही है।
खबरें है कि टोयोटा रुमियन और बेल्टा को भारत में भी लॉन्च कर सकती है।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस (जानकारी)
मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) और टोयोटा (Toyota) के बीच हुई वैश्विक साझेदारी के तहत टोयोटा मारुति की गाड़ियों को रीबैज करके पेश करती रही है। जानकारी के लिए बता दें की दोनों कंपनियों की साझेदारी में जल्द एक नई SUV भी आने वाली है।