रूसी सर्दी से पहले यूक्रेन पर गहराया संकट, ज़ेलेंस्की ने USA-यूरोप से मांगी पैट्रियट मिसाइल
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने अमेरिका और यूरोप से तत्काल पैट्रियट एयर-डिफेंस मिसाइलें भेजने की गुहार लगाई है। वे चाहते हैं कि ये मिसाइलें अभी मिलें, न कि सालों बाद। रूस सर्दियों से पहले यूक्रेन के बिजली और पानी के सिस्टम पर हमले तेज कर रहा है। ऐसे में जेलेंस्की का कहना है कि उनका देश 500 इंटरसेप्टर मिसाइलें हासिल करने के लिए 2.1 अरब डॉलर (लगभग 19,925 करोड़ रुपये) के किसी लंबे समझौते का इंतजार नहीं कर सकता। उन्हें अमेरिका, यूरोपीय देशों और दूसरे सहयोगी देशों के पास मौजूद भंडारों से तत्काल मदद की जरूरत है।
जेलेंस्की ने दी रूसी मिसाइल खतरे की चेतावनी
जेलेंस्की ने आगाह किया है कि इस सर्दी रूसी बैलिस्टिक मिसाइलें एक बड़ा खतरा बन सकती हैं। उन्होंने कहा, "हम अपने अमेरिकी सहयोगियों से उस वक्त के लिए कोई हल निकालने को कह रहे हैं, जब PAC-3 इंटरसेप्टर मिसाइलों के इस्तेमाल की असल जरूरत और खतरा हो।" हालांकि, उनकी इस अपील से यूरोपीय सहयोगी मुश्किल में पड़ गए हैं। जर्मनी, पोलैंड और नीदरलैंड जैसे देश यूक्रेन की मदद तो करना चाहते हैं, लेकिन अगर वे और मिसाइलें भेजते हैं, तो उन्हें अपनी सुरक्षा का भी भी ध्यान रखना होगा।