मशहूर इतिहासकार यूवल नूह हरारी की चेतावनी, बोले- AI लेगा हमारे बड़े फैसले
इतिहासकार यूवल नूह हरारी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर गहरी चिंता जताई है।
उन्होंने कहा है कि यह तकनीक हमारे लिए बड़े फैसले ले सकती है और समाज को ऐसे बदल सकती है, जिसकी हमें शायद पूरी समझ भी न हो पाए।
उनका सबसे ज्यादा डर AI के बैंकिंग और सरकारी क्षेत्रों में आने को लेकर है। यहां चीजें इतनी जटिल हो सकती हैं कि इंसानों के लिए उन्हें समझना मुश्किल हो जाएगा।
प्रोफेसर हरारी ने इस बात पर जोर दिया है कि जैसे-जैसे AI और भी स्मार्ट होता जा रहा है, हमें सतर्क रहने की जरूरत है। साथ ही, यह भी सुनिश्चित करना होगा कि समाज में लोगों का भरोसा कमजोर न हो।
ऑनलाइन कंटेंट पर लेबल लगाने की मांग
प्रोफेसर हरारी ने सुझाव दिया है कि AI के जरिए फैलने वाली झूठी खबरों से निपटने के लिए ऑनलाइन कंटेंट पर लेबल लगाया जाए।
उन्होंने कहा कि यह ठीक वैसे ही है, जैसे खाने-पीने की चीजों की पैकेजिंग पर लिखा होता है कि अंदर क्या है, ताकि लोगों को पता चले कि क्या असली है।
उनका यह भी मानना है कि जिम्मेदार पत्रकारिता और AI के लिए मजबूत सरकारी नियम बहुत जरूरी हैं, अगर हम चाहते हैं कि तकनीक के आगे बढ़ने के साथ सब कुछ निष्पक्ष और भरोसेमंद बना रहे।