त्रिकोणीय वनडे सीरीज 2026: पाकिस्तान ने श्रीलंका को 37 रन से हराया, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
त्रिकोणीय वनडे सीरीज 2026 के पहले मैच में मेजबान पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने श्रीलंका क्रिकेट टीम को 37 रन से हराया। रावलपिंडी में खेले गए मैच में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर के बाद सभी विकेट खोकर 305 रन बनाए, जिसमें सलमान आगा ने शतक (107) लगाया। जवाब में श्रीलंकाई टीम पवन रथनायक (79) और जेनिथ लियानागे (60) के बावजूद 268 रन पर सिमट गई। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से रोचक रहा मुकाबला
पाकिस्तान सैम अयूब (7) और फखर जमान (16) के जल्दी आउट होने के बाद बाबर आजम (45) और साद बैग (39) ने पारी को संभाला।
मध्यक्रम में सलमान ने शतक लगाते हुए टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया।
श्रीलंका की ओर से ईशान मलिंगा ने सर्वाधिक 4 विकेट अपने नाम किए।
जवाब में कामिंदु मेंडिस (44) की अच्छी शुरुआत के बाद रथनायक (79) और लियानागे (60) ने संघर्ष किया, लेकिन जीत नहीं दिला सके।
बाबर
बाबर 16,000 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करने वाले 5वें पाकिस्तानी बने
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर ने 57 गेंदों का सामना करते हुए 45 रन बनाए।
अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 16,000 रन पूरे किए।
वह पाकिस्तान की ओर से इस आंकड़े को छूने वाले सिर्फ 5वें बल्लेबाज बने।
क्रिकबज के मुताबिक, पाकिस्तान के लिए उनसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन सिर्फ इंजमाम उल हक(20,541), यूनिस खान (17,790), मोहम्मद यूसुफ (17,134) और जावेद मियांदाद (16,213) ने बनाए हैं।
रिकॉर्ड
बाबर ने नंबर-3 पर खेलते हुए पूरे किए अपने 8,000 अंतरराष्ट्रीय रन
बाबर ने नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए अपने 8,000 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे किए।
उन्होंने इस नंबर पर अब तक 186 पारियों में 50.12 की औसत के साथ 8,020 रन बनाए हैं, जिसमें 20 शतक और 52 अर्धशतक लगाए हैं।
वह पाकिस्तान की ओर से इस पोजीशन में बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
नंबर-3 पर बाबर के बाद दूसरे सर्वाधिक रन वाले पाकिस्तानी यूनिस खान (7,717) हैं।
आगा
सलमान आगा ने अपना चौथा शतक लगाया
पाकिस्तान ने जब 106 रन के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट खोया, तब सलमान क्रीज पर आए।
रावलपिंडी स्टेडियम में आक्रामक बल्लेबाजी की और हसन नवाज (37) के साथ मिलकर 97 रन की साझेदारी की। उन्होंने 82 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।
वह 90 गेंदों में 107 रन बनाकर आउट हुए।
अपनी शतकीय पारी में उन्होंने 10 चौके और एक छक्का लगाया। उनकी पारी का अंत असिथा फर्नांडो ने किया।
रिकॉर्ड
सलमान ने मोहम्मद युसूफ का ये रिकॉर्ड तोड़ा
सलमान ने अपने वनडे करियर के चारों शतक नंबर-5 या उससे निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए लगाए हैं।
वह अब इस नंबर या इससे निचले क्रम में सर्वाधिक शतक लगाने वाले पाकिस्तानी बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने इस मामले में मोहम्मद युसूफ (3 शतक) का रिकॉर्ड तोड़ा है।
सलमान ने जनवरी 2025 के बाद से अपनी 23 पारियों में चौथा शतक लगाया है। वह इस अंतराल में सर्वाधिक शतक जड़ने वाले पाकिस्तानी हैं।