भारत बनाम जिम्बाब्वे: शफाली वर्मा ने दूसरे टी-20 में लगाया अर्धशतक, मंधाना का ये रिकॉर्ड तोड़ा
क्या है खबर?
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम को 9 विकेट से शिकस्त दी। रायपुर में खेले गए मैच में भारत ने जीत के लिए मिले 103 रन के लक्ष्य को 8.5 ओवर में हासिल किया। इस मुकाबले में भारत की सलामी बल्लेबाज शफाली वर्मा ने 55 रन की पारी खेली और यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का कुल 22वां अर्धशतक साबित हुआ। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
शानदार रही शफाली की पारी
शफाली ने भारत की पारी के पहले ओवर में न्याशा ग्वांजुरा के खिलाफ एक चौका और एक छक्का लगाया।
उन्होंने रायपुर में मिशेल मावुंगा के ओवर में 2 चौके और एक छक्का लगाते हुए आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी।
दाएं हाथ की इस बल्लेबाज ने सिर्फ 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
वह 25 गेंदों में 6 चौकों और 4 छक्कों की बदौलत 55 रन बनाकर आउट हुई।
रिकॉर्ड
शफाली ने मंधाना का रिकॉर्ड तोड़ा
क्रिकबज के मुताबिक, शफाली ने 2026 में कुल नौवीं बार टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 50 या उससे अधिक रन बनाए।
इसके साथ ही वह एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक 50+ रन बनाने वाली बल्लेबाज बनी। उन्होंने स्मृति मंधाना का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2024 में 8 पारियों में 50+ रन बनाए थे।
पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज ने 2018 में 7 पारियों में 50+ रन बनाए थे।
शफाली इस साल अब तक 900 से अधिक रन बना चुकी हैं।
करियर
ऐसा है शफाली का करियर
शफाली ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2019 में खेला था।
उन्होंने अब तक 121 मैच खेले हैं और इसकी 120 पारियों में 30.21 की औसत और 141.88 की स्ट्राइक रेट से 3,384 रन बनाने में सफल रहीं हैं।
उनके बल्ले से एक शतक और 22 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 100* रन रहा है।
वह अब तक के करियर में 100 से अधिक छक्के भी लगा चुकी हैं।