क्या दुनिया के सबसे उम्रदराज कछुए 'जोनाथन' की मौत हो चुकी है? जानिए सच्चाई
क्या है खबर?
दुनिया के सबसे पुराने और उम्रदराज कछुए 'जोनाथन' को लेकर पिछले कुछ दिनों से खबर चल रही है कि उसने 193 साल की उम्र में दम तोड़ दिया है, जबकि यह सच्चाई नहीं है। वह अभी जीवित है। उसके मौत की खबर सोशल मीडिया पर प्रसारित एक फर्जी पोस्ट से फैली थी, जो एक पशु चिकित्सक जो हॉलिन्स ने दी थी। हॉलिन्स जोनाथन की देखभाल कर चुके हैं। हालांकि, ब्रिटिश ओवरसीज के प्रवक्ता रॉबर्ट मिड्गली ने इसका खंडन किया है।
दावा
जो हॉलिन्स ने क्या किया था पोस्ट?
जो हॉलिन्स ने एक्स पर लिखा था, 'यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि दुनिया का सबसे पुराना जीवित स्थलीय जानवर, हमारा प्रिय जोनाथन, आज सेंट हेलेना में शांतिपूर्वक इस दुनिया से विदा हो गया। इस विशालकाय जीव ने साम्राज्यों, युद्धों और मानव जाति की कई पीढ़ियों को देखा था।' इसके बाद मिड्गली ने एक्स पर लिखा कि जोनाथन अभी जीवित है और जिस हॉलिन्स से उसकी मौत की पुष्टि हुई है, वह फर्जी अकाउंट है।
खंडन
किसी फर्जी अकाउंट ने बनाया 'अप्रैल फूल'
मिड्गली ने एक्स पर लिखा, 'जोनाथन जीवित है और सत्यापित एक्स अकाउंट असली जो हॉलिन्स का नहीं है। हमने हॉलिन्स से संपर्क किया है और उन्होंने पुष्टि की है कि जोनाथन जीवित और स्वस्थ हैं। यह खबर फर्जी है।' इसके बाद हॉलिन्स ने एक्स पर पुष्टि की कि जोनाथन अभी जीवित है, क्या किसी ने क्रिप्टो भेजा? हां, वह एक साल से अधिक समय से जोनाथन के प्रति बहुत भावुक है। यह सिर्फ अप्रैल फूल का मजाक था।
खंडन
हॉलिन्स एक्स पर है ही नहीं
इसके बाद असली हॉलिन्स ने फेसबुक पर लिखा कि एक्स पर एक अफवाह फैली हुई है और यह अप्रैल फूल का मजाक भी नहीं है। उन्होंने लिखा कि मेरे नाम का प्रयोग करते हुए कहा जा रहा है कि जोनाथन कछुआ, जो सबसे पुराना जीवित स्थलीय जानवर है, मर गया है, यह सच नहीं है। हॉलिन्स ने दावा किया कि धोखेबाज क्रिप्टो करेंसी का दान मांग रहा है, जो एक धोखा है।
जन्म
जोनाथन के बारे में जानिए
जोनाथन का जन्म लगभग 1832 में हुआ था। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में वह पृथ्वी पर सबसे पुराना जीवित स्थलीय जानवर है। वह सेशेल्स का विशाल कछुआ (एल्डाब्राचेलिस गिगांटेआ) है, जो ब्रिटेन के अटलांटिक द्वीप सेंट हेलेना पर रहता है। वह पहली बार 1882 में सेशेल्स से उपहार स्वरूप सेंट हेलेना पहुंचा था और तब से प्लांटेशन हाउस स्थित गवर्नर आवास परिसर में रहता है। जोनाथन 8 ब्रिटिश सम्राटों के शासनकाल का साक्षी रहा और जॉर्ज-VI और एलिजाबेथ-II से मिला है।