ट्रंप ने ईरान को नई धमकी दी, बोले- समझौता नहीं हुआ तो हर पुल तबाह करेंगे
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को नई धमकी दी है। उन्होंने कहा कि अगर ईरान समझौता नहीं करता है, तो वे हर एक पावर प्लांट और पुल को तबाह कर देंगे। उन्होंने कहा, 'हम एक बहुत ही निष्पक्ष और उचित समझौता पेश कर रहे हैं और मुझे उम्मीद है कि वे इसे स्वीकार कर लेंगे। अगर वे ऐसा नहीं करते हैं, तो अमेरिका ईरान के हर एक पावर प्लांट और हर एक पुल को तबाह कर देगा।'
बयान
ट्रंप ने कहा- ईरान ने होर्मुज में गोलीबारी कर युद्धविराम उल्लंघन किया
ट्रंप ने कहा, 'ईरान ने कल होर्मुज जलडमरूमध्य में गोलियां चलाने का फैसला किया। यह युद्धविराम समझौते का उल्लंघन है! यह बिल्कुल भी अच्छा नहीं था। ईरान ने हाल ही में घोषणा की कि वे इस जलडमरूमध्य को बंद कर रहे हैं, जो अजीब बात है, क्योंकि हमारी नाकेबंदी ने इसे पहले ही बंद कर दिया है। वे अनजाने में हमारी मदद कर रहे हैं और इस मार्ग के बंद होने से नुकसान उन्हीं का हो रहा है।'
वार्ता
इस्लामाबाद में कल होगी दूसरे दौर की वार्ता
ट्रंप ने ये भी बताया है कि अमेरिका के प्रतिनिधि ईरान से बातचीत के लिए इस्लामाबाद जा रहे हैं। उन्होंने कहा, 'मेरे प्रतिनिधि इस्लामाबाद, पाकिस्तान जा रहे हैं। वे कल शाम वहां बातचीत के लिए पहुंचेंगे।' इस बातचीत के लिए इस्लामाबाद में भी तैयारियां जारी हैं। सैकड़ों सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। पहली बैठक जिस सेरेना होटल में हुई थी, वहां नई बुकिंग बंद कर दी गई हैं। अमेरिकी सुरक्षा टीमें पहले ही पाकिस्तान पहुंच गई हैं।
फैसला
जेडी वेंस नहीं करने का वार्ता का नेतृत्व
वार्ता की अटकलों के बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने साफ कर दिया है कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस दूसरे दौर की वार्ता के लिए पाकिस्तान जाकर इस बातचीत का नेतृत्व नहीं करेंगे। उन्होंने ABC न्यूज से बातचीत में इसका कारण सुरक्षा चिंताओं को बताया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा कारणों की वजह से वेंस इस दौरे पर नहीं जा रहे हैं। हालांकि, विशेषज्ञ इसके पीछे पहली वार्ता की असफलता को भी कारण बता रहे हैं।
तैयारी
पाकिस्तान ने खाली कराए होटल
पाकिस्तान ने भी वार्ता में आने वाले मेहमानों के लिए इस्लामाबाद के 2 प्रमुख होटलों को खाली करा लिया है। इनमें सेरेना होटल भी शामिल है, जहां पिछली बार वार्ता हुई थी। सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी कर ली गई है। दो अमेरिकी C17 ग्लोबमास्टर विमानों के उतरने के बाद हवाई अड्डे से रेड जोन जाने वाली सड़क को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। सुरक्षा के लिए 20,000 सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।