
कौन हैं दुनिया के चर्चित टिकटॉकर खाबी लेम और वह अमेरिका छोड़ने पर क्यों हुए मजबूर?
क्या है खबर?
साेशल मीडिया ऐप टिक-टॉक पर दुनिया में सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले खाबी लेम को अमेरिका छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा है। अपने शब्दहीन कॉमेडी वीडियो के लिए मशहूर 25 वर्षीय लेम को गत शुक्रवार को लास वेगास में अमेरिका के आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन (ICE) विभाग ने हिरासत में लिया था। हालांकि, उनके स्वेच्छा से देश छोड़कर जाने पर उन्हें छोड़ दिया गया। आइए जानते हैं लेम कौन हैं और उन्हें अमेरिका क्यों छोड़ना पड़ा।
कार्रवाई
लेम पर क्या था आरोप?
ICE अधिकारियों के अनुसार, 6 जून को नेवादा के लास वेगास स्थित हैरी रीड अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आव्रजन उल्लंघन के लिए इटली के नागरिक खाबी लेम को हिरासत में लिया गया था। अधिकारियों ने बताया कि लेम 30 अप्रैल को अमेरिका आए थे, लेकिन अपनी वीजा अवधि खत्म होने के बाद भी वहीं रहे। हालांकि, लेम को 6 जून को स्वैच्छिक प्रस्थान की अनुमति दी गई थी और तब से वह अमेरिका से चले गए हैं।
दावा
लेम को डिटेंशन सेंटर में रखे जाने का दावा
लेम ने इस मामले पर अभी तक कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की थी, जिससे वास्तविक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। हालांकि, बैरन ट्रंप के करीबी सहयोगी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बो लाउडन ने सबसे पहले एक्स पर पोस्ट करते हुए इस घटना की जानकारी साझा की थी। उन्होंने पोस्ट में दावा किया था कि ICE अधिकारियों ने लेम को लास वेगास में गिरफ्तार किया था और उन्हें हेंडरसन डिटेंशन सेंटर में रखा गया था।
आरोप
लाउडन ने लेम पर लगाए गंभीर आरोप
लेम को अवैध विदेशी करार देते हुए लाउडन ने एक्स पर लिखा था, 'मुझे पता चला कि वह अवैध विदेशी था, जो अपनी वीजा की अवधि से ज्यादा समय तक अमेरिका में रहा और टैक्स की चोरी की। ऐसे में मैंने व्यक्तिगत रूप से उसे निर्वासित करने के लिए अधिकारियों को इसकी सूचना दी थी।' लाउडन ने यह भी दावा किया कि उन्होंने ऐसा करने के लिए राष्ट्रपति ट्रंप के देशभक्तों के साथ मिलकर काम किया है।'
परिचय
कौन है खाबी लेम?
लेम का जन्म 9 मार्च, 2000 को को सेनेगल के जिगुइनचोर में हुआ था। वह महज 1 साल की उम्र में ही अपने परिजनों को साथ इटली चले गए थे और अब उनके पास इटली की नागरिकता है। वह वर्तमान में टिक-टॉक पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले व्यक्ति हैं। उनके इस ऐप पर 16.2 कराेड़ से अधिक फॉलोअर्स हैं। लेम अपने बिना बोले जाने वाले सीधे-सादे कॉमेडी वीडियो के कारण वैश्विक सनसनी बन गए हैं।
लोकप्रियता
लेम को कब मिली थी लोकप्रियता?
लेम पहली बार नवंबर 2020 में कोरोना महामारी के दौरान चर्चित हुए, जब उन्होंने इटली के ट्यूरिन के पास चिवासो में एक फैक्ट्री मैकेनिक के रूप में अपनी नौकरी खो दी थी। उस वीडियो को 1.70 करोड़ लोगों ने देखा था। उनके वीडियो बेतुके लाइफ-हैक वीडियो को रोस्ट करने या उन पर रिएक्शन देने पर ही आधारित है। उनके वीडियो लोगों को हंसने पर मजबूर करते हैं। वह बिना बोले केवल एक्सप्रेशन और हाथ के मूवमेंट से वीडियो बनाते हैं।
उपलब्धि
लेम जून 2022 में बने थे सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले टिकटॉकर
लेम जून 2022 में चार्ली डी'मेलियो को पछाड़कर आधिकारिक तौर पर टिक-टॉक के सबसे अधिक फॉलो किए जाने वाले क्रिएटर बने थे। फोर्ब्स के अनुसार, जून 2022 और सितंबर 2023 के बीच लेम ने प्रति पोस्ट 7.50 लाख डॉलर (लगभग 6.30 करोड़ रुपये) तक की कमाई की। इसके साथ ही उन्होंने ह्यूगो बॉस, फोर्टनाइट और वॉलमार्ट जैसे ब्रांडों के साथ साझेदारी करते हुए 1.65 करोड़ डॉलर (करीब 138 करोड़ रुपये) की कुल संपत्ति बनाई।
यूनिसेफ
यूनिसेफ सद्भावना राजदूत भी है लेम
लेम को यूनिसेफ की ओर से सद्भावना राजदूत भी नामित किया गया है। उन्होंने अभिनय और टेलीविजन में भी अपना विस्तार किया है। वह 'बैड बॉयज: राइड ऑर डाई' (2024) में दिखाई दिए, टुबी सीरीज 'खाबी इज कमिंग टू अमेरिका' में अभिनय किया और इटालियाज गॉट टैलेंट में जज के रूप में काम कर चुके हैं। उनके प्रभाव के कारण उन्हें फोर्ब्स 30 अंडर 30 और फॉर्च्यून 40 अंडर 40 जैसी प्रतिष्ठित सूचियों में भी जगह मिली है।