LOADING...
कौन हैं सूसी विल्स, जो बनीं अमेरिका की पहली महिला व्हाइट हाउस चीफ ऑफ स्टाफ?
सूसी विल्स बनीं अमेरिका की पहली महिला व्हाइट हाउस चीफ ऑफ स्टाफ (तस्वीर: एक्स/@MakutJunior)

कौन हैं सूसी विल्स, जो बनीं अमेरिका की पहली महिला व्हाइट हाउस चीफ ऑफ स्टाफ?

Nov 08, 2024
10:26 am

क्या है खबर?

अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चुनाव जीतने के बाद पहली नियुक्ति कर दी है। उन्होंने चुनावी अभियान की प्रबंधक सूसी विल्स को व्हाइट हाउस का चीफ ऑफ स्टाफ नियुक्त किया है। इसके साथ ही वह इस पद पर नियुक्ति पाने वाली अमेरिका की पहली महिला बन गई हैं। सूसी विल्स ने पर्दे के पीछे रहकर ट्रंप की जीत में बेहद अहम भूमिका निभाई है। आइए जानते हैं आखिर कौन हैं सूसी विल्स और उन्हें यह जिम्मेदारी कैसे मिली।

पुष्टि

नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने की नियुक्ति की पुष्टि

अमेरिका के नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने सूसी की नियुक्ति की पुष्टि की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने पहले आदेश में सूसी विल्स को व्हाइट हाउस का चीफ ऑफ स्टाफ नियुक्त किया है। यह बहुत अच्छी खबर है। विल्स राष्ट्रपति ट्रंप के लिए अभियान में बहुत बड़ी संपत्ति थीं और व्हाइट हाउस में भी बहुत बड़ी संपत्ति होंगी। वह वाकई बहुत अच्छी इंसान हैं। आगे बढ़ो!'

बयान

राष्ट्रपति ट्रंप ने विल्स को लेकर क्या कहा?

राष्ट्रपति ट्रंप ने विल्स की नियुक्ति करने के बाद एक बयान में कहा, "सूसी सख्त, स्मार्ट, परिवर्तनशील हैं। वह सार्वभौमिक रूप से प्रशंसित और सम्मानित हैं।" उन्होंने आगे कहा, "सूसी अमेरिका को फिर से महान बनाने के लिए अथक प्रयास करती रहेंगी। अमेरिका के इतिहास में पहली महिला चीफ ऑफ स्टाफ के रूप में विल्स का होना एक सम्मान की बात है। मुझे इस बात में कोई संदेह नहीं है कि वह हमारे देश को गौरवान्वित करेंगी।"

Advertisement

परिचय

पहले जानते हैं कौन हैं सूसी विल्स?

विल्स अमेरिका के फुटबॉल खिलाड़ी पैट समरॉल की बेटी हैं। उनके पिता स्पोर्ट्सकास्टर भी थे। समरॉल करीब एक दशक तक नेशनल फुटबॉल लीग में खेले थे। साल 2013 में उनकी मृत्यु हो गई थी। कहा जाता है कि विल्स मिलनसार और हैं। वह किसी भी माले में इंटरव्यू देने से भी बचती हैं। यही कारण है कि बुधवार को ट्रंप की जीत की घोषणा के बाद के जश्न में भी उन्होंने मंच पर बोलने से भी इनकार कर दिया था।

Advertisement

अभियान

सूसी ने 2016 से 2020 तक किया था ट्रंप के अभियानों का नेतृत्व

फ्लोरिडा में रहने वाली विल्स एक अनुभवी रिपब्लिकन रणनीतिकार रही हैं। वह 2015 में ट्रंप के साथ जुड़ी थीं। उन्होंने साल 2016 और 2020 में ट्रंप के राज्य अभियानों का नेतृत्व किया और फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस के 2018 के विजयी अभियान का भी प्रबंधन किया था। उन्होंने फ्लोरिडा में रिक स्कॉट के 2010 के गवर्नर अभियान का संचालन किया और कुछ समय तक पूर्व यूटा गवर्नर जॉन हंट्समैन की 2012 की राष्ट्रपति बोली का भी प्रबंधन किया था।

प्रचलित

ट्रंप समर्थक के रूप में है व्यापक पहचान

विल्स को व्यापक रूप से ट्रंप समर्थक के रूप में जाना जाता है। उन्होंने अब तक सबसे अनुशासित और प्रभावी ढंग से प्रबंधित अभियान का संचालन किया है। चुनाव के दौरान विल्स ने ट्रंप को रणनीति से भटकने नहीं दिया। मीडिया में लीक होने वाली सूचनाओं को भी कम करने में विल्स ने अहम भूमिका निभाई। लैटिनो और अश्वेत मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की खातिर विल्स ने एक खास रणनीति बनाई। यह रणनीति काफी सफल रही है।

कार्य

ट्रंप विरोधियों के साथ भी काम कर चुकी हैं विल्स

विल्स ने रिपब्लिकन पार्टी में ट्रंप के विरोधियों के साथ भी काम किया है। अपने करियर की शुरुआत में उन्होंने रिपब्लिकन US प्रतिनिधि जैक केम्प और टिली फाउलर के साथ काम किया। इन दोनों नेताओं के उदारवादी माना जाता है। 2012 में विल्स ने यूटा के पूर्व गवर्नर जॉन हंट्समैन जूनियर के राष्ट्रपति अभियान में प्रबंधक के तौर पर काम किया। 6 जनवरी, 2021 को ट्रंप समर्थकों के कैपिटल हिल किए गए हमले की भी सूसी ने आलोचना की थी।

भूमिका

अमेरिका में क्या होती है चीफ ऑफ स्टाफ की भूमिका?

अमेरिका में चीफ ऑफ स्टाफ राष्ट्रपति के विश्वासपात्र के रूप में कार्य करते हैं। वह राष्ट्रपति के एजेंडे को लागू करने में सहायता करने के साथ प्रतिस्पर्धी राजनीतिक और नीतिगत हितों का प्रबंधन करते हैं। वह यह नियंत्रित करते हैं कि राष्ट्रपति किससे मिलते हैं और किससे बात करते हैं। उन पर व्हाइट हाउस के कर्मचारियों का प्रबंधन करने के साथ अन्य सरकारी विभागों और सांसदों के साथ संपर्क बनाने की जिम्मेदारी भी होगी। यह काफी अहम पद है।

Advertisement