ट्रंप के कार्यक्रम में गोली चलाने वाला हमलावर कौन? घटना के बारे में क्या-क्या पता है?
क्या है खबर?
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सालाना व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट डिनर के दौरान गोलीबारी हो गई है। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत कई बडे़ अधिकारी मौजूद थे। ट्रंप ने बताया कि हमलावर को पकड़ लिया गया है और सभी लोग सुरक्षित हैं। एक सुरक्षाकर्मी को गोली लगी, लेकिन उसने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखा था। आइए घटना के बारे में जानते हैं।
घटना
कैसे हुई घटना?
ट्रंप और बाकी लोग होटल के बॉलरूम के अंदर मौजूद थे। घटना के वक्त ट्रंप स्टेज पर थे और बाकी लोग डिनर कर रहे थे। इसी दौरान बॉलरूम के बाहर गोली चलने की आवाज आई। इससे सीक्रेट सर्विस सक्रिय हो गई और ट्रंप को सुरक्षा घेरा बनाकर बाहर निकाला गया। बॉलरूम में मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई और वे टेबल के नीचे छिप गए। धीरे-धीरे सभी को बाहर निकाल लिया गया।
हमलावर
कौन है हमलावर?
हमलावर की पहचान कैलिफोर्निया के टोरेंस के रहने वाले 31 वर्षीय व्यक्ति के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध को हिरासत में ले लिया गया है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है । CBS न्यूज को 3 सूत्रों ने बताया कि हमलावर का नाम कोल एलन है। जांच से जुड़े 2 सूत्रों के अनुसार, उसके पास एक शॉटगन और एक हैंडगन थी। हालांकि, उसके नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हमलावर से जुड़ी जानकारी
हमलावर के पास कंप्यूटर साइंस में मास्टर्स डिग्री
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावर ने 2017 में कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की है और 2025 में कंप्यूटर साइंस में मास्टर की पढ़ाई पूरी की। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उनका मानना है कि संदिग्ध हमलावर एक 'अकेला हमलावर' था। ट्रंप ने कहा, "मेरी राय में, वह एक अकेला हमलावर था। मुझे ऐसा मानने का कोई कारण नहीं लगता कि यह हमला ईरान में युद्ध से जुड़ा हुआ था।"
पुलिस
घटना के बारे में पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस ने बताया कि कई हथियारों से लैस एक व्यक्ति ने सीक्रेट सर्विस की चौकी पर हमला किया। वॉशिंगटन डीसी पुलिस प्रमुख जेफरी डब्ल्यू कैरोल ने कहा, "जब संदिग्ध चेकपॉइंट के पास पहुंचा तो उसके पास एक शॉटगन, एक हैंडगन और कई चाकू थे। घटना के दौरान अमेरिकी सीक्रेट सर्विस का एक एजेंट गोली लगने से घायल हो गया और उसे अस्पताल ले जाया गया।" न्यूयॉर्क पोस्ट के अनुसार, संदिग्ध को गोली नहीं लगी और उसे अस्पताल ले जाया गया।
ट्रंप का बयान
घटना को लेकर ट्रंप ने क्या कहा?
ट्रंप ने कहा कि हमलावर को पकड़े जाने से पहले, उसने कई हथियारों से लैस होकर एक सुरक्षा चौकी पर धावा बोल दिया था। उन्होंने कहा, "यह बहुत ही अप्रत्याशित था, लेकिन सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने अविश्वसनीय रूप से तेजी से कार्रवाई की। एक वीडियो में उस गुंडे की हिंसा दिखाई गई है जिसने हमारे संविधान पर हमला किया। यह भी दिखाया गया है कि सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने कितनी तेजी से कार्रवाई की।"
कार्यक्रम
अब कार्यक्रम के बारे में जानिए
कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर मीडिया और राजनीति का एक खास सालाना कार्यक्रम होता है, जिसे व्हाइट हाउस कवर करने वाले पत्रकारों का संगठन व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन आयोजित करता है। इस दौरान मौजूदा राष्ट्रपति और उनके प्रशासन से जुड़े लोग शामिल होते हैं। ट्रंप अपने पहले कार्यकाल में और दूसरे कार्यकाल के पहले साल में कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए थे। ट्रंप 2011 में बतौर अतिथि इस कार्यक्रम में आए थे, तब बराक ओबामा ने उन पर मजाकिया टिप्पणी की थी।