वाशिंगटन के होटल हिल्टन में गोलीबारी, राष्ट्रपति ट्रंप और उपराष्ट्रपति वेंस मौजूद थे
क्या है खबर?
वाशिंगटन के होटल हिल्टन में 'व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर' के दौरान गोलीबारी की घटना हुई है। इस दौरान होटल में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत तमाम बड़े अधिकारी मौजूद थे। सुरक्षाबलों ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। बाद में ट्रंप ने बताया कि एक संदिग्ध हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
घटना
घटना के बारे में जानिए
वाशिंगटन के होटल हिल्टन में शनिवार रात एनुअल कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर का आयोजन किया गया था। होटल के बॉलरूम में राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति समेत तमाम बड़े लोग मौजूद थे। तभी बॉलरूम के बाहर 7 राउंड गोलीबारी होने से अफरा-तफरी मच गई। लोग टेबल के नीचे छिप गए। राष्ट्रपति ट्रंप को सुरक्षाबलों ने घेर लिया। भागादौड़ी में वे भी गिर गए। पहले खबर आई थी कि हमलावर को मार गिराया गया, लेकिन बाद में संदिग्ध की गिरफ्तारी की सूचना आई।
ट्विटर पोस्ट
घटना के बाद ट्रंप को बाहर ले जाते सुरक्षाकर्मी
TRUMP RUSHED FROM STAGE AS SHOTS RING OUT
— RT (@RT_com) April 26, 2026
SHOOTER KILLED pic.twitter.com/ZZ4elIocQ6
बयान
ट्रंप बोले- कई हथियारों से लैस था हमलावर
ट्रंप ने कहा कि हमलावर को पकड़े जाने से पहले, उसने कई हथियारों से लैस होकर एक सुरक्षा चौकी पर धावा बोल दिया था। उन्होंने कहा, "यह बहुत ही अप्रत्याशित था, लेकिन सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने अविश्वसनीय रूप से तेजी से कार्रवाई की। एक वीडियो में उस गुंडे की हिंसा दिखाई गई है जिसने हमारे संविधान पर हमला किया। यह भी दिखाया गया है कि सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने कितनी तेजी से कार्रवाई की।"
गोली
एक अधिकारी को गोली लगी
ट्रंप ने बताया कि इस घटना के दौरान एक कानून प्रवर्तन अधिकारी को गाली लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने की वजह से उनकी जान बच गई। राष्ट्रपति ने कहा, "एक अधिकारी को गोली लगी थी, लेकिन वह इसलिए बच गए क्योंकि उन्होंने बहुत अच्छी बुलेटप्रूफ जैकेट पहनी थी। उन्हें करीब से एक बहुत ही शक्तिशाली बंदूक से गोली मारी गई थी, और जैकेट ने अपना काम कर दिखाया। उनकी हालत अब अच्छी है। वह पूरी तरह से ठीक हैं।"
पिछली घटना
2024 चुनावों से पहले ट्रंप पर गोली चली थी
13 जुलाई, 2024 को पेंसिल्वेनिया में एक चुनावी रैली के दौरान ट्रंप पर जानलेवा हमला हुआ था। बटलर शहर में एक रैली को संबोधित करते समय हमलावर ने उन पर गोलियां चलाई थीं, जिसमें से एक ट्रंप के दाहिने कान को छूती हुई निकल गई थी। इसके बाद तुरंत ट्रंप को चारों तरफ से घेर लिया था। हमलावर भी मौके पर ही मारा गया था। वहीं, घटना में रैली में शामिल एक व्यक्ति की मौत हो गई।