अमेरिका ने बदले ग्रीन कार्ड से जुड़े नियम, अब अपने देश लौटकर करना होगा आवेदन
क्या है खबर?
अमेरिका लगातार वीजा और आव्रजन से जुड़े नियम सख्त करते जा रहा है। अब ट्रंप प्रशासन ने अमेरिका में ग्रीन कार्ड का सपना देख रहे लाखों लोगों को बड़ा झटका दिया है। अमेरिका में अस्थायी रूप से रह रहे लोग ग्रीन कार्ड के लिए आवेदन अपने देश लौटकर ही कर सकेंगे। यानी आवेदकों को पहले अमेरिका छोड़ना होगा। होमलैंड सिक्योरिटी विभाग ने कहा कि यह नीति आव्रजन प्रणाली को कानून के अनुसार चलाने और लूपहोल्स रोकने में मदद करेगी।
नए नियम
क्या हैं नए नियम?
अब तक अमेरिका में रह रहे अमेरिकी नागरिकों के पति-पत्नी, बच्चे, छात्र वीजा या अस्थायी वर्क वीजा पर आए लोग 'एडजस्टमेंट ऑफ स्टेटस' के जरिए अमेरिका के भीतर रहकर ही ग्रीन कार्ड हासिल कर सकते थे। अब ऐसा नहीं होगा। नए नियमों के मुताबिक, ग्रीन कार्ड के लिए आवेदन करने वाले प्रवासियों को अमेरिका छोड़कर अपने देश वापस जाना होगा और वहीं से अमेरिकी दूतावास के जरिए आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
वजह
क्यों बदले गए नियम?
प्रशासन का कहना है कि कई लोग पर्यटक, छात्र या अस्थायी वीजा लेकर अमेरिका आते हैं और फिर उसी के जरिए ग्रीन कार्ड हासिल कर लेते है। USCIS के प्रवक्ता जैक कहलर ने कहा, "अमेरिका अब 'कानून की मूल भावना' पर लौट रहा है। जो लोग अस्थायी वीजा पर अमेरिका आते हैं, उनकी यात्रा ग्रीन कार्ड प्रक्रिया की पहली सीढ़ी नहीं होनी चाहिए। अगर उन्हें स्थायी निवास चाहिए, तो उन्हें अपने देश लौटकर वहीं से आवेदन करना होगा।"