अमेरिका ने F-15E विमान के दूसरे पायलट को ढूंढा, ट्रंप बोले- वह पूरी तरह स्वस्थ
क्या है खबर?
अमेरिका ने ईरान द्वारा मार गिराए गए F-15 लड़ाकू विमान के दूसरे पायलट का पता लगा लिया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पायलट को अमेरिकी सेना ने इतिहास के सबसे साहसी खोज और बचाव अभियान के बाद बचा लिया है। हालांकि, इसके पहले एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा था कि ये पायलट अभी सुरक्षित नहीं है और इसे ईरान से बाहर निकालने के लिए अभियान जारी है।
ट्रंप का बयान
ट्रंप बोले- दुश्मन बहादुर योद्धा का लगातार पीछा कर रहे थे
ट्रंप ने कहा, 'यह अभियान हमारे एक बेहतरीन क्रू मेंबर के लिए था, जो एक बहुत सम्मानित कर्नल भी हैं। मुझे आपको यह बताते हुए खुशी हो रही है कि अब वह पूरी तरह से सुरक्षित और स्वस्थ हैं! यह बहादुर योद्धा ईरान के खतरनाक पहाड़ों में दुश्मन की सीमा के पीछे फंसा हुआ था। हमारे दुश्मन उसका लगातार पीछा कर रहे थे—जो हर घंटे उसके और करीब आते जा रहे थे।'
अभियान
अभियान में कोई नुकसान नहीं हुआ- ट्रंप
ट्रंप ने कहा, 'सैन्य इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि 2 अमेरिकी पायलटों को दुश्मन के इलाके से अलग-अलग अभियानों में बचाया गया है। हम कभी भी किसी अमेरिकी योद्धा को नहीं छोड़ेंगे! हम इन दोनों अभियानों को बिना किसी अमेरिकी सैनिक के मारे जाने या घायल हुए बिना सफलतापूर्वक पूरा कर पाए। यह एक बार फिर साबित करता है कि हमने ईरान के आसमान पर जबरदस्त हवाई वर्चस्व और श्रेष्ठता हासिल कर ली है।'
रिपोर्ट
बचाव अभियान के दौरान भीषण गोलीबारी- रिपोर्ट
रिपोर्ट के मुताबिक, पायलट को बचाने की कोशिशों के दौरान अमेरिकी और ईरानी पक्ष में भीषण गोलीबारी हुई है। बताया जा रहा है कि ईरान के कोहगिलुयेह प्रांत के देहदाश्त शहर में मुठभेड़ हुई थी। यहीं पर 2 दिन पहले विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। इसके बाद अमेरिका ने यहां हमले किए थे, जिनमें कम से कम 4 लोग मारे गए थे। कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि हताहतों की संख्या कहीं ज्यादा है।
बयान
अमेरिकी सांसद बोले- ये हम सबकी दुआओं का जवाब
अमेरिकी सांसद डॉन बेकन ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'अमेरिकी वायु सेना के दूसरे चालक दल सदस्य के बचाए जाने की खबर हम सभी की दुआओं का जवाब है। मैं हमारी खोज और बचाव टीमों और विशेष बलों की बहादुरी को सलाम करता हूं। आशा है कोई हताहत नहीं हुआ होगा। मैं F-15E वेपन सिस्टम्स ऑफिसर को सलाम करता हूं, जिन्होंने बेहद खतरनाक और भयावह स्थिति में अपने जीवन रक्षा कौशल का इस्तेमाल किया।'