Loading...
अरुण गोविल बोले- 'श्रीराम' बनकर एक छवि में बंध गया, लेकिन जो सम्मान मिला वो अनमोल
अरुण गोविल ने 'राम' बनने पर अपने करियर में आई चुनौती पर बात की

अरुण गोविल बोले- 'श्रीराम' बनकर एक छवि में बंध गया, लेकिन जो सम्मान मिला वो अनमोल

Nov 16, 2026
11:39 am

क्या है खबर?

नमित मल्होत्रा की फिल्म 'रामायण' में राजा दशरथ का किरदार निभाकर अरुण गोविल चर्चा में हैं। हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा पहचान रामानंद सागर के टीवी शो 'रामायण' में 'श्रीराम' का किरदार निभाने से मिली है। इस किरदार में वह इस कदर छा गए कि लोग उन्हें खुद राम से जोड़ने लगे। एक बातचीत में, खुद अरुण ने स्वीकारा कि राम के तौर पर उनकी छवि उनसे इतनी जुड़ गई कि उन्हें दूसरे किरदारों में कास्ट करना मुश्किल लगने लगा था।

बंधन

श्रीराम की छवि के कारण नहीं मिले दूसरे किरदार

स्क्रीन से बातचीत में अरुण ने कहा, "मेरी छवि इतनी मजबूत हो गई थी कि मेरे प्रोड्यूसर और डायरेक्टर सोचने लगे कि अब उन्हें क्या दें। इसने मुझे कई सालों तक एक दायरे में बांधे रखा। लेकिन मेरा नजरिया यह था कि राम ने मुझे जो दिया, अगर मैंने उस समय कई फिल्में या टीवी की होती, तो मुझे उतना नहीं मिलता जितना राम ने मुझे दिया।"

उन्होंने माना कि राम ने उन्हें जो दिया है, वह बेमिसाल रहा है।

सम्मान

किरदार के असर से आज भी मिलता है सम्मान

उन्होंने कहा, " नहीं तो मुझे यह सब नहीं मिलता। मुझे नहीं लगता कि जो मुझे जिंदगी में मिला, वह किसी और को मिला है। 87 से लेकर आज तक, बहुत से घरों में हमारी फोटो की पूजा होती है।"

अभिनेता ने बताया कि लोग आज भी उन्हें बहुत सम्मान देते हैं। युवा पीढ़ी उनके पैर छूती है, आशीर्वाद लेती है, और उन्हें इतना सम्मान मिलता है कि जब किसी कमरे में जाते हैं तो लोग खड़े हो जाते हैं।

ADVERTISEMENT